उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्रि के मौके पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं. इस दौरान उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः’ की भावना से काम करती है. उन्होंने बताया कि प्रदेश के 50% से अधिक स्टार्टअप्स का नेतृत्व महिलाएं कर रही हैं और महिला कार्यबल की भागीदारी 12% से बढ़कर 36% से अधिक हो गई है.
उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार ने प्रदेश में नारी सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को नई दिशा दी है. उनके मुताबिक, इसी का परिणाम है कि प्रदेश के 50% से ज्यादा स्टार्टअप्स का नेतृत्व नारी शक्ति कर रही है.
उपद्रव प्रदेश से बना उत्सव प्रदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में प्रदेश की डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश को उपद्रव प्रदेश से उत्सव प्रदेश बनाया है.
सीएम योगी ने कहा कि साल 2017 से पहले प्रदेश में महिलाओं के लिए घर से निकलना एक चुनौती थी. लेकिन आज वे नाइट शिफ्ट में भी काम कर रही हैं और प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति दे रही हैं. उन्होंने कहा कि प्रदेश के 50% से ज्यादा स्टार्टअप्स का आज नारी शक्ति नेतृत्व कर रही है. उन्होंने कहा कि महिला कार्यबल की भागीदारी 12% से बढ़कर 36% से ज्यादा हो गया है.
यह भी पढ़ें: बरसात में टपकती थी छत, PM आवास योजना ने दिया पक्का घर... ललितपुर की बबीता की कहानी
योजनाएं गतिशीलता के नए रास्ते खोल रही
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मातृशक्ति के स्वास्थ्य से लेकर बेटियों के भविष्य तक डबल इंजन सरकार की योजनाएं नारी सशक्तिकरण को मजबूती दे रही है. सीएम योगी ने कहा कि ‘यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवताः’ की भावना को आत्मसात करते हुए प्रदेश की डबल इंजन सरकार ‘सशक्त नारी-समृद्ध उत्तर प्रदेश’ के माध्यम से ‘विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश’ के संकल्प को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रही है.
साथ ही, मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि मिशन शक्ति, ऑपरेशन कायाकल्प, कस्तूरबा बालिका विद्यालय, सेफ सिटी, रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना और लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर वर्किंग वुमन हॉस्टल जैसी पहलें उनकी शिक्षा, सुरक्षा, गतिशीलता और आत्मनिर्भरता के नए रास्ते खोल रही हैं.