हाल में पूर्वी उत्तर प्रदेश के चंदौली में 24 घंटे में एक के बाद एक तीन लोगों की हत्या करने वाले सीरियल किलर गुरप्रीत को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान मार गिराया है. पंजाब के अमृतसर के रहने वाले गुरप्रीत नाम के इस सीरियल और साइको किलर ने एक तरफ जहां अलग अलग ट्रेनों मे यात्रा कर रहे दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी.
सेना से रिटायर्ड था सीरियल किलर
वहीं इसने तीसरी वारदात को एक अस्पताल में अंजाम दिया था. जहां इलाज के लिए भर्ती एक बुजुर्ग महिला को इसने गोली मारी थी. पुलिस के अनुसार पुलिस मुठभेड़ में मारा गया यह सीरियल किलर गुरप्रीत सेना का पूर्व जवान था जो 2021 में रिटायर हो गया था और पिछले कुछ दिनों से बिहार के आरा में गार्ड की नौकरी कर रहा था.लेकिन शराब की लत की वजह से इसे सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी से निकाल दिया गया था जिसके बाद से ही यह काफी गुस्से और मानसिक तनाव में रहता था. इसी की वजह से इसने ताबड़तोड़ तीन हत्याओं को अंजाम दे डाला.
क्राइम रिक्रिएशन में छीनी बंदूक तो हुआ एनकाउंटर
पुलिस के अनुसार रिक्रिएशन के दौरान इसने मौका पाकर एक पुलिसकर्मी की पिस्तौल छीन ली और फायरिंग करते हुए फरार होने लगा. जिस पर पुलिस ने घेराबंदी की और पुलिस की जवाबी कार्रवाई में यह सीरियल किलर आखिरकार मारा गया.
अलग- अलग ट्रेन में दो मर्डर, तीसरा अस्पताल में
दरअसल, बीते रविवार की सुबह पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से चलकर दिलदारनगर होते हुए ताड़ीघाट जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में सकलडीहा रेलवे स्टेशन के पास जमानिया के रहने वाले मंगरु नाम के रेल यात्री की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इसके बाद उसकी डेड बॉडी को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया था. जीआरपी और लोकल पुलिस इस मामले की जांच पड़ताल कर ही रही थी. तभी एक दूसरी ट्रेन में एक अन्य यात्री की गोली मारकर हत्या की वारदात सामने आ गई. यह वारदात रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात सियालदह से जम्मू तवी जा रही जम्मू तवी एक्सप्रेस में हुई.जब बिहार के गया से लखनऊ के लिए यात्रा कर रहे दिनेश साहू नाम के एक व्यक्ति की सर में गोली मार कर हत्या कर दी गई.
गांव वालों ने दौड़ाकर पकड़ा
लोकल पुलिस और जीआरपी की टीम इन दोनों हत्याओं की कड़ी को जोड़ने का प्रयास करते हुए हमलावर को पकड़ने की कोशिश कर ही रही थी कि तभी तीसरे मर्डर की भी खबर आ गई. सोमवार सुबह तकरीबन 6:30 बजे चंदौली के अलीपुर थाना क्षेत्र के कमलापुर गांव के पास स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए एडमिट लक्ष्मीना देवी नाम की एक महिला मरीज की गोली मारकर हत्या हो गई. लेकिन यहां हत्यारा ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया. हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद यह सीरियल किलर फरार होने की फिराक में था लेकिन उससे पहले ग्रामीणों में दौड़ाकर इसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया .जिस महिला की इसने हत्या की थी वह बिहार के भभुआ की रहने वाली थी.पुलिस ने इसके पास से आला ए कत्ल कत्ल भी बरामद कर लिया था.
जिनको मार डाला उनको जानता भी नहीं था
उधर पुलिस ने गुरप्रीत को गिरफ्तार करने के बाद जांच पड़ताल और पूछताछ शुरू की.तो पता चला कि गुरप्रीत पंजाब के अमृतसर का रहने वाला है और यह रिटायर्ड सेना का जवान है. सेना से रिटायर होने के बाद गुरप्रीत काफी दिनों तक अपने गांव में रहा. हाल ही में 29 अप्रैल 2026 को गुरप्रीत बिहार के आरा में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करने आया .लेकिन शराब पीने की लत की वजह से इसे सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी से निकाल दिया गया था. गुरप्रीत ने जिन तीनों लोगों को मौत के घाट उतारा, उन सभी से इसका दूर-दूर तक वास्ता नहीं था. लेकिन नौकरी से निकाले जाने के बाद यह सीरियल साइको कलर बन गया और एक के बाद एक हत्या के तीन वारदातों को अंजाम दे डाला.