यूपी के फतेहपुर जिले में संदीप यादव नामक युवक ने अपनी 19 वर्षीय सगी बहन रंजू यादव की गला दबाकर बेरहमी से हत्या कर दी. यह घटना हसवा पुलिस चौकी के पास जंगल में अंजाम दी गई. आरोपी भाई एक दिन पहले ही अपनी बहन को उसके ससुराल राधानगर से मायके लेकर आ रहा था. रास्ते में बहन को उसके कथित प्रेमी के साथ देखने के बाद उपजे विवाद में उसने इस वारदात को अंजाम दिया. हत्या के बाद संदीप ने खुद पुलिस चौकी पहुंचकर सरेंडर कर दिया. पुलिस ने शव को कुएं से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है.
44 दिन पहले हुई थी रंजू की शादी
मृतका रंजू यादव की शादी महज 44 दिन पूर्व पिंटू उर्फ अजय यादव के साथ हुई थी. शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था. इसी बीच भाई संदीप को अपनी बहन के किसी दूसरे समुदाय के युवक से प्रेम प्रसंग का अंदेशा था. वह उसे ससुराल से वापस अपने घर धनवा गांव ला रहा था. रास्ते में उसे जानकारी मिली कि उसकी बहन अपने कथित प्रेमी से मिलने वाली है. जब वह जंगल पहुंचा, तो उसने दोनों को एक साथ देख लिया, जिसके बाद गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया.
जंगल में मर्डर और कुएं में फेंका शव
आरोपी संदीप के अनुसार, जैसे ही उसने दोनों को एक साथ देखा, कथित प्रेमी मौके से फरार हो गया. इसके बाद संदीप और रंजू के बीच तीखी बहस हुई. संदीप उसे समझाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन जब रंजू ससुराल जाने को तैयार नहीं हुई और अपनी जिद पर अड़ी रही, तो संदीप ने उसका गला दबा दिया. बहन की जान लेने के बाद उसने शव को पास के ही गुड्डू के नलकूप के पास स्थित एक कुएं में फेंक दिया. वारदात के बाद वह सीधा हसवा चौकी पहुंचा और पुलिस को पूरी कहानी खुद बयां कर दी.
पुलिस की कार्रवाई और परिजनों का हाल
फतेहपुर के एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि आरोपी संदीप यादव (22) ने पुलिस हिरासत में अपना जुर्म कबूल कर लिया है. पिता शिव सिंह यादव की शिकायत पर बेटे के खिलाफ ही हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है. शिव सिंह और उनकी पत्नी गोमती देवी मजदूरी कर परिवार पालते हैं. उनके तीन बेटे और तीन बेटियां हैं, जिनमें से रंजू की शादी अभी डेढ़ महीने पहले ही हुई थी. पुलिस के मुताबिक, यह मामला पूरी तरह से प्रेम प्रसंग और भाई के विरोध से जुड़ा है. पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है.