scorecardresearch
 

छत फाड़ते हुए क्लासरूम में गिरा मंदिर का शिखर, बिजनौर में रात डेढ़ बजे जोरदार धमाका; चक्रवात अर्नब का खौफनाक असर

UP News: बिजनौर के सेलाखेड़ी गांव में देर रात मंदिर पर आकाशीय बिजली गिरने से शिखर टूट गया. मलबा स्कूल की छत फाड़कर क्लासरूम में जा गिरा. गनीमत रही कि उस समय स्कूल बंद था.

Advertisement
X
बिजनौर में बिजली गिरने से मंदिर और स्कूल क्षतिग्रस्त.(Photo:Screengrab)
बिजनौर में बिजली गिरने से मंदिर और स्कूल क्षतिग्रस्त.(Photo:Screengrab)

UP News: बिजनौर जिले में चक्रवाती तूफान अर्नब का असर दिखाई देने लगा है. गुरुवार से शुरू हुई बारिश के बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली. कहीं तेज बारिश तो कहीं आसमान से गिरती बिजली लोगों के लिए परेशानी बन गई. इसी बीच राजा का ताजपुर क्षेत्र के गांव सेलाखेड़ी में आधी रात एक ऐसी घटना हुई, जिसने पूरे गांव का ध्यान अपनी ओर खींच लिया. यहां आसमान से गिरी बिजली ने मंदिर के शिखर को क्षतिग्रस्त कर दिया. मंदिर का मलबा पास के स्कूल की छत तोड़ता हुआ सीधे कमरे के अंदर जा गिरा. इससे स्कूल में रखा सामान भी टूट गया.

घटना देर रात करीब डेढ़ बजे की बताई जा रही है. उस समय गांव में बारिश हो रही थी. इसी दौरान अचानक बिजली मंदिर के शिखर पर गिरी. बिजली गिरने से मंदिर का ऊपरी हिस्सा टूट गया और उसका मलबा नीचे बने स्कूल की छत पर जा गिरा. मलबे का दबाव इतना था कि स्कूल की छत भी टूट गई और उसका कुछ हिस्सा कमरे के अंदर जा गिरा.

सुबह जब ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली तो लोग मौके पर पहुंच गए. मंदिर और स्कूल की हालत देखकर ग्रामीणों में घटना को लेकर चर्चा शुरू हो गई. गनीमत रही कि यह हादसा रात के समय हुआ. उस वक्त स्कूल बंद था और वहां कोई बच्चा या शिक्षक मौजूद नहीं था. अगर यही घटना दिन में होती तो बड़ा हादसा हो सकता था. देखें VIDEO:- 

Advertisement

ग्राम प्रधान त्रिवेंद्र कुमार शर्मा उर्फ बजरंगी ने बताया कि घटना के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया. उन्होंने बताया कि बिजली गिरने से मंदिर का शिखर और स्कूल की छत क्षतिग्रस्त हुई है. कमरे में रखा सामान भी टूट गया है.

ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मंदिर और स्कूल की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि दोनों जगहों को दोबारा सुरक्षित बनाया जा सके. फिलहाल गांव में इस घटना की चर्चा बनी हुई है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement