उत्तर प्रदेश के वाराणसी में असलहा तस्करों के खिलाफ दबिश देने पहुंची पुलिस टीम पर फायरिंग का मामला सामने आया है. लंका थाना क्षेत्र के नरिया तिराहे पर शुक्रवार देर शाम हुई घटना में कांस्टेबल अमित शुक्ला गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें पेट, पीठ और हाथ में गोली लगी है. गंभीर हालत में उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बदमाशों ने उन पर तीन गोलियां चलाई थीं.
घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने घायल सिपाही को तत्काल संभाला और आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया. पुलिस की ओर से पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है. शुरुआती जानकारी में यह घटना असलहा तस्करों को पकड़ने के लिए की गई कार्रवाई से जुड़ी बताई जा रही है.
यह भी पढ़ें: वाराणसी में जहांं रखे थे बैलेट पेपर, काउंटिंग से पहले रात में बंद हो गए CCTV... डीएम ने बताई ये वजह
इसी बीच लंका थाना क्षेत्र के लोटूबीर मंदिर के पास पुलिस और बदमाशों के बीच एक और मुठभेड़ हुई. इस दौरान राज विश्वकर्मा नाम के एक बदमाश के पैर में गोली लगी. पुलिस ने उसे घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया. आशंका जताई जा रही है कि वह कांस्टेबल अमित शुक्ला को गोली मारने की घटना में शामिल था.
लोटूबीर मंदिर के पास मुठभेड़, एक बदमाश के पैर में लगी गोली
घायल आरोपी की पहचान गड़वा घाट निवासी प्रदीप विश्वकर्मा के बेटे राज विश्वकर्मा के रूप में हुई है. पुलिस ने मुठभेड़ के बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया. शुरुआती जांच में उसका नाम सिपाही पर फायरिंग की घटना से जुड़कर सामने आया है.
बताया जा रहा है कि कांस्टेबल अमित शुक्ला को गोली मारने की वारदात में कुल तीन लोग शामिल थे. पुलिस पूछताछ में राज विश्वकर्मा ने दावा किया है कि उसने फायरिंग नहीं की थी. हालांकि, पुलिस इस घटना में उसकी भूमिका की जांच कर रही है.
इस मामले में दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं. पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है. अधिकारियों की जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि सिपाही पर हमला किसने किया और वारदात में शामिल बाकी आरोपियों की क्या भूमिका थी.
कांग्रेस नेता अजय राय ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल
सिपाही अमित शुक्ला को गोली लगने की घटना के बाद वाराणसी में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. कांग्रेस नेता अजय राय ने इस घटना को लेकर कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं.
फिलहाल, घायल कांस्टेबल अमित शुक्ला का बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा है. वहीं, मुठभेड़ में घायल राज विश्वकर्मा से पुलिस पूछताछ कर रही है. दो फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.