
Uttar Pradesh News: बस्ती जिले के कलवारी थाना क्षेत्र में सोमवार रात करीब मंदीप नामक युवक ने सो रही 12वीं की छात्रा अनुष्का की गोली मारकर हत्या कर दी. आरोपी ने बरामदे में भाई के साथ सो रही छात्रा के सिर और सीने में ताबड़तोड़ दो गोलियां उतारीं. शोर सुनकर जागी मां पर भी आरोपी ने असलहा तानकर फायरिंग की, लेकिन गोली मिस होने से वह बच गईं. घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. सूचना पर पहुंची पुलिस और परिजनों ने घायल छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनहरा पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुरानी रंजिश और वायरल फोटो का विवाद
जानकारी के मुताबिक, आरोपी मंदीप ने छात्रा को पहले प्रेम जाल में फंसाकर उसके अंतरंग फोटो और वीडियो बना लिए थे. जब छात्रा ने उससे दूरी बनानी शुरू की, तो नाराज होकर आरोपी ने 18 दिसंबर 2025 को फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए.

परिजनों की शिकायत पर कलवारी थाने में आईटी एक्ट और दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज हुआ था. केस दर्ज होने के बाद से ही मंदीप फरार चल रहा था, लेकिन अचानक गांव लौटकर उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया.
परिजनों के सामने ही की फायरिंग
गोली की आवाज सुनकर जब अनुष्का का भाई अवनीश और बाहर सो रही मां जगे, तो सिरफिरे आशिक ने उन पर भी हथियार तान दिया. उसने मां की मच्छरदानी हटाकर उन पर निशाना साधा. आधी रात को हुई इस फायरिंग से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और भारी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए. मौके पर सीओ कलवारी और अपर पुलिस अधीक्षक समेत दो थानों की फोर्स पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है.
पुलिस की कार्रवाई और फरार आरोपी
अपर पुलिस अधीक्षक श्यामाकांत ने बताया कि घटना स्थल का निरीक्षण कर परिजनों से पूरी जानकारी ली गई है. तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जा रही है. फरार अभियुक्त मंदीप की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं और दबिश दी जा रही है. बैडारी एहतमाली गांव की छात्रा बोर्ड की परीक्षाएं दे रही थी, लेकिन एक सनकी की जिद ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां उजाड़ दीं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी सलाखों के पीछे होगा.