उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई. तेज रफ्तार ट्रक ने रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है.
इंद्रजीत वर्मा सीतापुर जिले के महमूदाबाद थाना क्षेत्र के रामद्वारी गांव के रहने वाले हैं, अपनी पत्नी खुशी वर्मा (18), साली पिंकी देवी (28) और तीन वर्षीय भतीजी बिट्टू के साथ बाइक से अपनी बीमार मौसी से मिलने पिपरौली गांव जा रहे थे. यह गांव बाराबंकी जिले के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में स्थित है.
फतेहपुर-सिहाली रोड पर रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के कारण सभी लोग कुछ देर के लिए रुक गए. जैसे ही फाटक खुला और बाइक आगे बढ़ी, पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही खुशी वर्मा और पिंकी देवी सड़क पर गिर गईं, जबकि इंद्रजीत और मासूम बच्ची दूसरी ओर जा गिरे.
यह भी पढ़ें: 12 करोड़ की हीरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार, ANTF ने छापेमारी में बाराबंकी के इमरान को लखनऊ से दबोचा
टक्कर के बाद कुचलता हुआ निकल गया ट्रक
हादसे के बाद ट्रक चालक ने वाहन नहीं रोका और दोनों महिलाओं को कुचलते हुए मौके से फरार हो गया. प्रत्यक्षदर्शियों ने ट्रक को रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक भागने में सफल रहा. दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया. घायल तीन वर्षीय बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है.
पुलिस ने शुरू की चालक की तलाश
कोतवाली थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया है.
फिलहाल पुलिस फरार ट्रक चालक की गिरफ्तारी के लिए सर्च ऑपरेशन चला रही है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.