यूपी के बाराबंकी में एक पत्नी ने चूल्हे पर खाना बनाने से इनकार कर दिया और पति से गैस सिलेंडर भरवाने की मांग की. लेकिन पति ने गैस सिलेंडर भरवाने से मना कर दिया. जिसके चलते पत्नी अपने 5 महीने के बच्चे के साथ घर छोड़कर चली गई. पिछले तीन दिनों से पति उसे ढूंढ रहा है, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चला.
पत्नी अपने साथ कुछ कपड़े और घर में रखे 1000 रुपए लेकर गई है. पति का कहना है कि जो गलती हुई माफ कर दो, वापस घर लौट आओ... यह पूरा मामला घुंघटेर थाना क्षेत्र के बौधनी मजरे खटौली गांव का है. यहां के अनिल कुमार की दो साल पहले सुमन देवी (29) के साथ शादी हुई थी. दोनों का एक पांच महीने का बच्चा भी है. पति टू पॉवर कंपनी में काम करता है.
यह भी पढ़ें: प्यार में पति बना रोड़ा तो पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर कर दी हत्या, हापुड़ में खौफनाक हत्याकांड
पिछले सोमवार की सुबह 8 बजे अनिल नाइट ड्यूटी करके घर लौटा था. घर लौटने पर उसने जब खाना मांगा तो पता चला कि खाना ही नहीं बना है. इस पर पति ने पत्नी से खाना न बनाने का कारण पूछा. जिस पर पत्नी ने कहा, "अब चूल्हे पर खाना नहीं बनाऊंगी, गैस सिलेंडर भरवा दो."
पत्नी की तलाश में जुटी पुलिस
पति अनिल ने बताया कि पत्नी ने गैस सिलेंडर भरवाने की मांग की थी. इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई. विवाद के बाद अनिल अपने कमरे में सोने चला गया. इसी दौरान सुमन देवी अपने कपड़े, 1000 रुपए नकद और पांच महीने के बेटे को लेकर घर से चली गई. शाम करीब 4 बजे जब अनिल की नींद खुली, तो पत्नी और बच्चे के गायब होने का पता चला. काफी तलाश के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिला. फिलहाल पुलिस ने पति की शिकायत पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया है.
अनिल कुमार ने भावुक होकर कहा, "जो भी गलती हुई हो, माफ कर दो और वापस घर लौट आओ." पति ने बताया कि वह पिछले तीन दिनों से अपने परिजनों के साथ मोहम्मदपुर खाला के टेढ़ावां, असगीनगर, उस्मानपुर और सीतापुर के बनेहरा सहित रिश्तेदारों के यहां तलाश कर चुका है, लेकिन अब तक कोई जानकारी नहीं मिली है. थाना प्रभारी बेचू यादव ने बताया कि प्रार्थना पत्र के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.