scorecardresearch
 

25 लाख का लोन चाहिए था, नहीं मिला तो बिजली टावर पर चढ़ गया युवक, बांदा में घंटों चला हाई-वोल्टेज ड्रामा

यूपी के बांदा में एक युवक को पशुपालन के लिए 25 लाख रुपये का लोन चाहिए था. बैंक के खूब चक्कर लगाए, लेकिन काम नहीं बना. फिर उसने ऐसा कदम उठाया कि पूरा कस्बा तमाशबीन बन गया. युवक सीधे हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गया और अफसरों को बुलाने की मांग करने लगा. घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित नीचे उतारा.

Advertisement
X
गाय-भैंस पालन के लिए चाहिए था लोन. (Photo: ITG)
गाय-भैंस पालन के लिए चाहिए था लोन. (Photo: ITG)

मोबाइल पर लोन ऐप के विज्ञापन दिखते हैं- बस एक क्लिक में पैसा. बैंक कहता है- गारंटी लाओ, कागज लाओ. और जब दोनों के बीच फंसा एक युवक रास्ता नहीं खोज पाता, तो वह सीधे बिजली के हाईटेंशन टावर पर चढ़ जाता है. यूपी के बांदा में जो हुआ, वो सुनकर लोग दंग रह गए. आखिर में पुलिस के पसीने छूट गए.

मामला बांदा के बबेरू इलाके का है. कस्बे का एक युवक अचानक बिजली के हाईवोल्टेज टावर पर चढ़ गया. वजह थी- 25 लाख रुपये का लोन. युवक को गाय-भैंस पालकर पशुपालन का कारोबार शुरू करना था. सपना बड़ा था, लेकिन जेब खाली. बैंक से लोन चाहिए था, पर जब लोन नहीं मिल पाया तो यहीं से कहानी पलट गई.

युवक कई दिनों से इसी चिंता में था. पैसे का इंतजाम नहीं हो रहा था. काम-धंधा भी कोई खास नहीं. घर में छह भाई. शादी पिछले साल हुई. जिम्मेदारियां बढ़ीं, लेकिन कमाई का रास्ता नहीं. ऐसे में उसने शायद सोच लिया कि अगर जमीन पर बात नहीं सुनी जा रही, तो आसमान पर चढ़कर सुनी जाएगी.

banda youth climbs high voltage tower demand 25 lakh loan police rescue

फिर क्या था. युवक सीधे हाईटेंशन बिजली के टावर पर चढ़ गया. इतना ऊपर कि नीचे खड़े लोग गर्दन उठाकर देखने लगे. ऊपर से वह चिल्ला रहा था- अफसरों को बुलाओ, मेरी बात सुनो, मुझे 25 लाख का लोन दिलाओ. नीचे लोग तमाशा देखने लगे. किसी ने वीडियो बनाया, किसी ने फोटो खींचा. देखते ही देखते आसपास भीड़ जमा हो गई.

Advertisement

यह भी पढ़ें: कानपुर: शोले स्टाइल में टावर पर चढ़ी नाबालिग प्रेमिका, बोली- POCSO केस में बंद प्रेमी को छोड़ो वरना कूद जाऊंगी

सोचिए, एक तरफ सैकड़ों लोगों की भीड़, दूसरी तरफ हाईवोल्टेज लाइन के टावर पर चढ़ा युवक. जरा सी चूक और सब खत्म. युवक बार-बार धमकी दे रहा था और नीचे उतरने से मना कर रहा था. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने युवक को समझाने की कोशिश की. आसपास के लोग भी मनाते रहे. लेकिन युवक अपनी मांग दोहराता रहा.

banda youth climbs high voltage tower demand 25 lakh loan police rescue

घंटों चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद पुलिस ने सूझबूझ से युवक को नीचे उतार लिया. राहत की बात ये रही कि वह करंट की चपेट में नहीं आया. वरना बड़ा हादसा हो सकता था.

युवक पशुपालन करना चाहता था. गाय-भैंस खरीदकर डेयरी शुरू करने का सपना था. उसके लिए उसने 25 लाख रुपये के लोन की मांग की थी. लेकिन बात नहीं बनी. इसी वजह से वह मानसिक तनाव में था. पुलिस ने उसे थाने ले जाकर काउंसलिंग की. परिवार वालों को बुलाया गया. समझाया गया कि टावर पर चढ़ने से लोन नहीं मिलता. बाद में उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया.

banda youth climbs high voltage tower demand 25 lakh loan police rescue

कुछ लोगों का कहना है कि ये सिर्फ युवक की सनक नहीं, बल्कि उस हकीकत की तस्वीर है, जहां बेरोजगारी, बड़े सपने और सिस्टम की शर्तें मिलकर अजीब हालात बना देती हैं. कोई नौकरी नहीं, कारोबार शुरू करने के लिए पैसा नहीं, बैंक की प्रक्रिया अलग. लेकिन युवक ने जो किया, वो गलती उसकी जिंदगी पर भारी पड़ सकती थी.

Advertisement

एसएचओ राजेन्द्र सिंह ने बताया कि बिजली टावर पर एक युवक के चढ़ जाने की सूचना मिली थी, जिसके बाद मौके पर पहुंचे. युवक 25 लाख रुपये लोन की डिमांड कर रहा था. उसको समझाकर नीचे उतारा गया है. काउंसलिंग कर परिजनों को सौंप दिया गया है. युवक पशुपालन करना चाहता है, जिसके लिए उसने लोन लेने की बात कही है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement