scorecardresearch
 

'देखिए तमीज से बात करिए...', सपा की बैठक में भिड़े पार्टी के सांसद और विधायक, Video

उत्तर प्रदेश के बांदा में समाजवादी पार्टी की बैठक के दौरान पार्टी की सांसद कृष्णा देवी पटेल और विधायक विशम्भर यादव के बीच तीखी नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. वीडियो में विधायक सांसद से 'तमीज से बात करिए' कहते सुनाई दे रहे हैं. हालांकि, पार्टी नेताओं का कहना है कि यह सिर्फ विचारों का मतभेद था और मामला मौके पर ही शांत करा दिया गया.

Advertisement
X
वीडियो वायरल.(Photo: Screengrab)
वीडियो वायरल.(Photo: Screengrab)

उत्तर प्रदेश के बांदा में समाजवादी पार्टी की बैठक के दौरान पार्टी के दो वरिष्ठ नेताओं के बीच हुई तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वायरल वीडियो में सपा सांसद कृष्णा देवी पटेल और बबेरू से विधायक विशम्भर यादव के बीच तीखी नोकझोंक होती दिखाई दे रही है. मामला बढ़ता देख पार्टी नेताओं को बीच-बचाव करना पड़ा.

बताया जा रहा है कि यह वीडियो जिला मुख्यालय स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय का है, जहां शुक्रवार को पार्टी की एक बैठक आयोजित की गई थी. बैठक के दौरान पहले विधायक विशम्भर यादव ने अपनी बात रखी. इसके बाद सांसद कृष्णा देवी पटेल कार्यकर्ताओं को संबोधित करने लगीं.

यह भी पढ़ें: तंत्र-मंत्र से पैसा डबल! बांदा में झांसा देकर ठगी करने वाले 3 शातिर गिरफ्तार,75 हजार से ज्यादा कैश बरामद

इसी दौरान सांसद ने विधायक का जिक्र करते हुए कथित तौर पर उनकी शिकायत पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव से करने की बात कही. इस पर विधायक विशम्भर यादव ने तुरंत आपत्ति जताते हुए कहा, 'देखिए तमीज से बात करिए. बिना तथ्यों के कैसे आरोप लगा रही हैं?' इसके बाद दोनों नेताओं के बीच बहस तेज हो गई.

जिलाध्यक्ष ने कराया बीच-बचाव

Advertisement

बैठक में मौजूद सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष मधुसूदन कुशवाहा और अन्य पदाधिकारियों ने मामला बढ़ता देख तत्काल हस्तक्षेप किया. उन्होंने दोनों नेताओं को शांत कराया, जिसके बाद बैठक आगे बढ़ी.

इसी दौरान वहां मौजूद किसी कार्यकर्ता ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वीडियो सामने आने के बाद जिले की राजनीति में इसकी चर्चा तेज हो गई.

देखें वीडियो...

पार्टी सूत्रों का कहना है कि सांसद और विधायक के बीच लंबे समय से वर्चस्व को लेकर मतभेद चल रहे थे. वायरल वीडियो के बाद यह मतभेद अब सार्वजनिक रूप से सामने आ गया है. कृष्णा देवी पटेल 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के टिकट पर सांसद चुनी गई थीं. इससे पहले वह भारतीय जनता पार्टी में थीं. वहीं, विशम्भर यादव समाजवादी पार्टी के पुराने नेताओं में गिने जाते हैं.

सपा जिलाध्यक्ष बोले- कोई बड़ी बात नहीं

सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष मधुसूदन कुशवाहा ने पूरे मामले को सामान्य मतभेद बताया. उन्होंने कहा कि शुक्रवार को पार्टी कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कुछ विचारों को लेकर मतभेद हुआ था, लेकिन यह कोई बड़ा विवाद नहीं था.

उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यालय में मौजूद कुछ लोगों ने घटना का छोटा सा हिस्सा रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिससे गलत संदेश जा रहा है. उनके मुताबिक, थोड़ी देर बाद सभी नेताओं ने आपस में बैठकर बातचीत की और कार्यक्रम सामान्य रूप से पूरा हुआ.

Advertisement

मधुसूदन कुशवाहा ने यह भी कहा कि यदि कोई पार्टी कार्यकर्ता अनुशासनहीनता करेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष के लोग इस वीडियो को वायरल कर मौजूदा अन्य मुद्दों से ध्यान भटकाने और समाजवादी पार्टी को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं.

विधायक ने कहा- पार्टी के अंदर का मामला

विधायक विशम्भर यादव ने भी पूरे विवाद को पार्टी का आंतरिक मामला बताया. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ विचारों का मतभेद था और इसे बेवजह तूल दिया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि यह घटना पार्टी कार्यालय के भीतर हुई थी, सड़क पर नहीं. इसलिए इसे राजनीतिक विवाद के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए. उनके अनुसार, पार्टी के भीतर बातचीत से सभी मुद्दों का समाधान कर लिया जाएगा.

वहीं, सांसद कृष्णा देवी पटेल से इस पूरे मामले में पक्ष जानने के लिए संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया. फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर जिले में राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement