बागपत के विकास भवन में आयोजित किसान दिवस की बैठक उस समय चर्चा का विषय बन गई, जब एक अनोखा मेहमान अचानक सभा में पहुंच गया. किसानों की समस्याएं सुनने के लिए चल रही इस बैठक में एक लंगूर की एंट्री ने पूरे माहौल को बदल दिया और गंभीर माहौल में भी हल्की मुस्कान ला दी. इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
दरअसल, किसान समाधान दिवस की इस बैठक में जिलाधिकारी अस्मिता लाल और पुलिस अधीक्षक सूरज राय मौजूद थे. किसान अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रख रहे थे और बैठक सामान्य तरीके से चल रही थी. तभी अचानक ‘मटरू’ नाम का एक लंगूर वहां पहुंच गया.
‘मटरू’ की अचानक एंट्री से बदला माहौल
लंगूर पहले किसानों के बीच टेबलों पर घूमता रहा और फिर सीधे जिलाधिकारी अस्मिता लाल के पास पहुंच गया. आमतौर पर ऐसी स्थिति में लोग घबरा जाते हैं, लेकिन डीएम ने पूरी तरह शांत और सहज व्यवहार दिखाया. उन्होंने तुरंत अपनी कुर्सी छोड़ दी और मुस्कुराते हुए लंगूर की तरफ इशारा करते हुए कहा, इधर बैठ जाओ.
इस नजारे को देख वहां मौजूद लोगों के लिए हैरानी और मनोरंजन दोनों का कारण बन गया. किसी ने इस पूरे घटनाक्रम को अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. बताया जा रहा है कि मटरू कोई नया मेहमान नहीं है. वह अक्सर कलेक्ट्रेट परिसर में नजर आता रहता है और वहां के कर्मचारियों व अधिकारियों के बीच काफी जाना-पहचाना है. इससे पहले भी वह कई बार वहां देखा गया है.
किसानों की गंभीर बैठक में हंसी का माहौल
बता दें इससे पहले भी एक बार मटरू किसान धरने के दौरान डीएम के पास पहुंच गया था. उस समय उसने डीएम का पल्लू पकड़ लिया था और किसानों के बीच बैठ गया था, जिससे वह पहले ही चर्चाओं में आ चुका था. इस बार भी उसकी मौजूदगी ने बैठक को यादगार बना दिया और यह घटना अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है.