
लखनऊ के विभूतिखंड थाना क्षेत्र में जलवा क्लब के बाहर सिगरेट पीने को लेकर हुए विवाद में खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया. यहां बीजेपी युवा मोर्चा के सदस्य शिवम सिंह की बेरहमी से पिटाई कर दी गई. ईंट-पत्थर भी मारे. जिसके बाद में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. पुलिस ने अब पीड़ित के भाई की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
बता दें कि अयोध्या निवासी शिवम सिंह अपने दोस्तों निलेश और जीशान के साथ पार्टी करने लखनऊ आए थे. देर रात तीनों विभूतिखंड पहुंचे थे. इसी दौरान क्लब के बाहर सिगरेट पीने को लेकर कुछ युवकों से कहासुनी हो गई. देखते ही देखते मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया.
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर हमलावरों ने शिवम सिंह की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी. हमले में शिवम गंभीर रूप से घायल होने के बाद बेसुध होकर गिर पड़े. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी. घटना के बाद शिवम के मोबाइल फोन से उनके भाई सौरभ सिंह को सूचना दी गई.
जानकारी मिलते ही परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे. घायल शिवम को इलाज के लिए पहले राम मनोहर लोहिया अस्पताल ले जाया गया, लेकिन परिजनों का आरोप है कि वहां बेड खाली न होने की वजह से उन्हें गोमतीनगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा.
निजी अस्पताल में इलाज के दौरान शिवम सिंह ने दम तोड़ दिया. शिवम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. मंगलवार देर शाम मृतक के भाई सौरभ सिंह ने विभूतिखंड थाने में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया. गुरुवार को पुलिस ने बताया कि वे मामले की जांच कर रहे हैं. जल्द ही आरोपी पकड़े जाएंगे.

शिवम सिंह के छोटे भाई सौरभ सिंह के मुताबिक, 26 मई सुबह 4:00 हमें जानकारी मिली और 6:30-7:00 के आसपास हम लोहिया अस्पताल आ गए थे. लेकिन उनकी (शिवम) हालत ठीक नहीं थी तो उनको एक प्राइवेट हॉस्पिटल पर लेकर गए. प्राइवेट हॉस्पिटल में जब एडमिट कराया गया तब उनका इलाज चालू कराया गया. इसके बाद हम लोगों ने पुलिस को पूरी बात बताई.
सौरभ ने बताया कि अनजान व्यक्ति ने मुझे फोन किया था और 112 को सूचना दी गई थी. जो शिवम के साथ तीन-चार लोग थे उन्होंने कोई मदद नहीं की. लगता है कि वो भी साजिश का हिस्सा हैं. उनमें एक ड्राइवर भी शामिल है. घटना के बाद से उसके दोस्त ने कुछ ना हाल-चाल लिया ना कुछ बताया. बकौल सौरभ- शिवम अयोध्या में बीजेपी कार्य समिति के सदस्य थे.
शिवम के परिजनों के अनुसार, घटना के समय वह नीलेश मौर्य और अन्य साथियों के साथ था. नीलेश ने बताया कि सिगरेट को लेकर हुई बहस के बाद कुछ लोगों ने गाड़ी पर पथराव किया, जिससे बचकर वे कठौता झील के पास रुके थे. वहीं, पीड़ित परिवार ने पुलिस पर गुमराह करने और उचित कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है. इंस्पेक्टर विभूतिखंड के मुताबिक, सीसीटीवी फुटेज और साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है.