उत्तर प्रदेश के आगरा में एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हुआ. बल्केश्वर मंदिर के सामने यमुना नदी में नहाने गए 6 बच्चे डूब गए, जिनमें से 4 बच्चों की मौत हो गई. वहीं 2 बच्चों को समय रहते सुरक्षित बचा लिया गया. यह हादसा कमला नगर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है. पुलिस के अनुसार विद्यानगर निवासी सौरभ की बेटी नित्या का जन्मदिन था. इस कार्यक्रम में रिश्तेदारों के कई बच्चे शामिल हुए थे. भीषण गर्मी के चलते दोपहर करीब 11 बजे सभी बच्चे बल्केश्वर मंदिर के सामने यमुना नदी में नहाने पहुंच गए.
गहरे पानी में जाने से हुआ बड़ा हादसा
बताया जा रहा है कि सभी बच्चों ने एक साथ नदी में छलांग लगा दी. शुरुआत में सब कुछ सामान्य था, लेकिन जैसे ही बच्चे गहरे पानी में पहुंचे, वे डूबने लगे. बच्चों को डूबता देख घाट पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और वहां भीड़ जमा हो गई.
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचा और बचाव कार्य शुरू किया गया. काफी प्रयासों के बाद 2 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि 4 बच्चे पानी में डूब चुके थे.
पुलिस और राहत टीम ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
अधिकारियों के अनुसार सैय्यद अली अब्बास ने जानकारी दी कि सोमवार को हादसे में 4 बच्चों की मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में मातम छा गया है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और अस्पताल के बाहर भीड़ जुटी रही. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है.