scorecardresearch
 

मायके की दहलीज हुई लाल, पति ने पत्नी को चाकुओं से गोदा, दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया

आगरा के ताजगंज थाना क्षेत्र की कोलियाई बस्ती में एक पति ने अपनी पत्नी की उसके मायके में घुसकर चाकुओं से हमला कर हत्या कर दी. मृतका कुंती प्रजापति पिछले आठ महीनों से पारिवारिक विवाद के चलते मायके में रह रही थी. पुलिस ने आरोपी पति रनवीर को मौके से गिरफ्तार कर लिया है. घटना के बाद दो छोटे बच्चे मां के साये से वंचित हो गए हैं.

Advertisement
X
दिनदहाड़े हुई हत्या से दहल उठी कोलियाई बस्ती. (Photo: Screengrab)
दिनदहाड़े हुई हत्या से दहल उठी कोलियाई बस्ती. (Photo: Screengrab)

आगरा के ताजगंज थाना क्षेत्र की कोलियाई बस्ती मंगलवार को उस समय दहल उठी, जब एक पति ने अपनी पत्नी की उसके मायके में घुसकर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या कर दी. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जमा हो गए और परिवार में चीख-पुकार मच गई.

मृतका की पहचान कुंती प्रजापति के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि पारिवारिक विवाद के कारण वह पिछले करीब आठ महीनों से अपने मायके में रह रही थी. इसी दौरान मंगलवार को उसका पति रनवीर, जो गांव पवावली का रहने वाला है और एक कोल्ड स्टोर में नौकरी करता है, अपनी ससुराल पहुंचा.

जानकारी के अनुसार, ससुराल पहुंचने के बाद पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि रनवीर ने कथित तौर पर कुंती पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में कुंती गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

कहासुनी के बाद चाकुओं से किया ताबड़तोड़ हमला

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. आसपास के लोग शोर सुनकर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. वारदात की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई. सूचना मिलते ही ताजगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को अपने नियंत्रण में लिया. पुलिस ने आरोपी रनवीर को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

Advertisement

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है. हत्या किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या वजह रही, इसकी गहन पड़ताल की जा रही है. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. बताया जा रहा है कि कुंती अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है.

पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की

इस दर्दनाक घटना के बाद दोनों मासूम बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया. परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे घर में मातम पसरा हुआ है. इलाके के लोगों में भी इस घटना को लेकर चर्चा है. दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच आगे बढ़ा रही है.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement