scorecardresearch
 

संभल: ईदगाह-इमामबाड़े के बाद अब मस्जिद और मदरसे पर चला बुलडोजर, सरकारी जमीन पर था कब्जा

उत्तर प्रदेश के संभल में सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त करने का अभियान तेज हो गया है. प्रशासन ने मुबारकपुर बंद गांव में खेल के मैदान और खाद के गड्ढे की भूमि पर बनी मस्जिद और मदरसे को ध्वस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी है. भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यह एक्शन लिया जा रहा है.

Advertisement
X
संभल में अवैध मदरसे पर एक्शन (Photo- Screengrab)
संभल में अवैध मदरसे पर एक्शन (Photo- Screengrab)

संभल के असमोली थाना क्षेत्र के मुबारकपुर बंद गांव में जिला प्रशासन ने अवैध रूप से बनी मस्जिद, गौसुल मदरसा और पांच दुकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है. तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह के नेतृत्व में राजस्व टीम ने खाद के गड्ढे और खेल के मैदान के लिए आरक्षित 700 वर्गमीटर सरकारी भूमि को चिन्हित किया था. 

पैमाइश के बाद अवैध निर्माण हटाने के लिए 15 दिन का समय दिया गया था, जिसके बाद मदरसे को ध्वस्त कर दिया गया. अब मस्जिद की 35 फीट ऊंची मीनार को गिराने के लिए बुलडोजर पहुंचा है. ग्रामीणों और मस्जिद कमेटी ने खुद ही प्रशासन से अवैध निर्माण हटाने में मदद मांगी थी.

भारी सुरक्षा के बीच ध्वस्तीकरण

मस्जिद पर बुलडोजर चलने से पहले सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए. सीओ कुलदीप सिंह के साथ दो थानों की पुलिस और आरपीएफ (RRF) के जवान मौके पर तैनात रहे. राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार, यह निर्माण खेल के मैदान और खाद के गड्ढे की जमीन पर किया गया था. 31 मार्च से ही कमेटी के लोगों ने खुद दुकानों और मदरसे को हटाना शुरू कर दिया था, लेकिन मस्जिद का हिस्सा बाकी रहने पर अब प्रशासन ने इसे पूरी तरह ध्वस्त करने की कमान संभाली है.

Advertisement

प्रशासन का लैंड बैंक प्लान

संभल के डीएम डॉ. राजेंद्र पेंसिया ने साफ किया है कि सरकारी भूमि पर हुए सभी अवैध निर्माण हटाए जाएंगे. जिले में सवा सौ हेक्टेयर भूमि को अब तक कब्जा मुक्त कराया जा चुका है. प्रशासन अब इन जमीनों को सुरक्षित रखने के लिए एक 'लैंड बैंक' बना रहा है, ताकि भविष्य में दोबारा अतिक्रमण न हो सके. डीएम ने चेतावनी दी है कि अवैध अतिक्रमण करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement