क्या ब्रह्मांड में हम सचमुच अकेले हैं? इंसान सदियों से इस सवाल का जवाब तलाश रहा है, लेकिन अब तक इसका कोई ठोस जवाब नहीं मिल पाया है. एक बार फिर यह बहस तेज हो गई है और इसकी वजह बना है अमेरिकी सरकार द्वारा जारी किया गया एक रहस्यमयी वीडियो. सोशल मीडिया पर वायरल इस फुटेज ने एलियंस और UFO को लेकर नई चर्चाएं छेड़ दी हैं. वीडियो में आसमान में एक चमकदार सितारे जैसी आकृति उड़ती दिखाई देती है, जिसे कई लोगों ने “एलियन स्पेसक्राफ्ट” तक बता दिया. हालांकि वैज्ञानिकों का कहना है कि इसके पीछे की सच्चाई शायद उतनी रहस्यमयी नहीं है, जितनी इंटरनेट पर दिखाई जा रही है.
फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, यह वीडियो साल 2013 में मध्य पूर्व के ऊपर अमेरिकी सैन्य मिशन के दौरान रिकॉर्ड किया गया था. इसे अब अमेरिकी सरकार ने डीक्लासिफाइड UAP (Unidentified Anomalous Phenomena) फाइल्स के तहत सार्वजनिक किया है. करीब 1 मिनट 46 सेकेंड के इस फुटेज में एक आठ कोनों वाला चमकदार ऑब्जेक्ट आसमान में अजीब तरीके से घूमता नजर आता है. वीडियो को अमेरिकी जांच एजेंसी AARO ने DOW-UAP-PR38 नाम से दर्ज किया है.
यह फुटेज इंफ्रारेड सेंसर से रिकॉर्ड किया गया था, जो सामान्य रोशनी नहीं बल्कि गर्मी को पकड़ता है. यही वजह है कि वीडियो ब्लैक एंड व्हाइट और धुंधला दिखाई देता है. फुटेज में ऑब्जेक्ट कभी स्क्रीन के एक कोने से दूसरे कोने की ओर जाता दिखता है और उसके पीछे चमकदार ट्रेल भी नजर आती है. यही दृश्य इंटरनेट पर लोगों की जिज्ञासा बढ़ा रहा है.
देखें वीडियो
क्या सच में ये था एलियंस का यान?
हालांकि वैज्ञानिकों ने इसके पीछे एक संभावित वैज्ञानिक वजह भी बताई है. एक्सपर्ट्स के मुताबिक यह किसी एलियन यान की बजाय पैराशूट इल्यूमिनेशन फ्लेयर हो सकता है. ऐसे फ्लेयर युद्ध क्षेत्रों में रोशनी के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं. ये पैराशूट की मदद से धीरे-धीरे नीचे आते हैं और तेज गर्मी छोड़ते हैं. इंफ्रारेड कैमरे में रिकॉर्ड होने पर ये ठीक उसी तरह सितारे जैसी आकृति बनाते हैं, जैसा वीडियो में दिखाई दे रहा है.
अमेरिकी एजेंसी AARO भी साफ कर चुकी है कि अब तक जांचे गए हजारों UFO मामलों में एलियन जीवन या तकनीक का कोई पक्का सबूत नहीं मिला है. ज्यादातर मामलों में ड्रोन, मौसम के गुब्बारे, तकनीकी गड़बड़ी या सैन्य उपकरण ही वजह निकले हैं.