scorecardresearch
 

'ट्रेन से फेंकने में टाइम नहीं लगेगा...,' ज्यादा पैसे के लिए टोका तो ट्रेन में फूड वेंडर ने दी धमकी

ट्रेन में खाने की थाली के दाम को लेकर यात्री और फूड वेंडर के बीच हुई बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. वीडियो में वेंडर कथित तौर पर यात्री को ट्रेन से नीचे फेंकने की धमकी देता सुनाई देता है, जिसके बाद लोग IRCTC से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.

Advertisement
X
ट्रेन में IRCTC की थाली अलग-अलग दामों में बिकती है (Photo: ITG)
ट्रेन में IRCTC की थाली अलग-अलग दामों में बिकती है (Photo: ITG)

सोशल मीडिया पर अक्सर ऐसे वीडियो वायरल होते रहते हैं, जिनमें ट्रेन में खाने-पीने की चीजों के दाम को लेकर यात्रियों और वेंडरों के बीच बहस होती दिखाई देती है. कई बार यह विवाद इतना बढ़ जाता है कि स्थिति मारपीट तक पहुंचने की नौबत आ जाती है. अब इसी तरह का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें खाने की थाली की कीमत को लेकर शुरू हुई बहस धमकी तक पहुंच गई.

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि ट्रेन के अंदर एक यात्री और फूड वेंडर के बीच तीखी बहस हो रही है. यात्री वेंडर से थाली की सही कीमत के बारे में सवाल पूछ रहा है. इसी दौरान वेंडर नाराज हो जाता है और कथित तौर पर यात्री को धमकी देते हुए कहता है कि उसे ट्रेन से नीचे फेंकने में समय नहीं लगेगा. वीडियो में ट्रेन के अंदर यात्री अपनी बर्थ पर बैठे और लेटे हुए भी नजर आते हैं.

इस वीडियो को कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर किया गया है. वीडियो सामने आने के बाद कई यूजर्स ने IRCTC को टैग करते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की है. सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट में भी वेंडर के खिलाफ शिकायत किए जाने की बात कही गई है.

Advertisement

देखें वायरल वीडियो

हालांकि, यह साफ नहीं हो पाया है कि वायरल वीडियो कब का है और किस ट्रेन या रूट का है. लेकिन वीडियो को भारतीय रेलवे से जुड़ा बताया जा रहा है. दावा किया जा रहा है कि यात्री ने ₹80 की थाली को ₹130 में बेचे जाने पर सवाल उठाया था, जिसके बाद विवाद शुरू हुआ.

 

वेंडर मनमानी करे तो क्या करें?

ट्रेनों में खाने की अलग-अलग कीमतों को लेकर यात्रियों के बीच अक्सर भ्रम की स्थिति बन जाती है. IRCTC ने विभिन्न खाद्य पदार्थों के लिए आधिकारिक दरें तय कर रखी हैं. निर्धारित दरों के अनुसार मेल, एक्सप्रेस और हमसफर ट्रेनों में वेज थाली की कीमत ट्रेन में ₹80 और स्टेशन पर ₹70 है. वेज बिरयानी की कीमत भी ट्रेन में ₹80 और स्टेशन पर ₹70 तय है. वहीं एग करी थाली ₹90 और चिकन करी थाली ₹130 में उपलब्ध है.

यह भी पढ़ें: कोई 120 तो कोई 150 की बेचता है... ट्रेन में मिलने वाली थाली का असली रेट क्या है?

इसके अलावा चाय की कीमत ₹5, जबकि टी-बैग या एवीएम मशीन वाली चाय ₹10 और कॉफी ₹10 निर्धारित है. नाश्ते में कटलेट ट्रेन में ₹40 और स्टेशन पर ₹35 में मिलता है. वहीं इडली, वड़ा, उपमा और पोंगल की कीमत ₹40 है, जबकि आमलेट ट्रेन में ₹50 और स्टेशन पर ₹45 में उपलब्ध है.

Advertisement

IRCTC के नियमों के अनुसार कोई भी वेंडर निर्धारित दरों से अधिक कीमत नहीं वसूल सकता. यदि किसी यात्री से तय कीमत से ज्यादा पैसे लिए जाते हैं, तो वह रेलवे हेल्पलाइन 139 पर शिकायत दर्ज करा सकता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement