scorecardresearch
 

मुंबई मेट्रो की नई CFO निकली एक बिल्ली, यात्री हुए फैन

मुंबई के गुंडावली मेट्रो स्टेशन पर गश्त लगाने वाली एक जिंजर कैट को एमएमएमओसीएल ने मजाकिया अंदाज में चीफ फेलाइन ऑफिसर यानी सीएफओ का मानद पद दे दिया है. एक यात्री की मजेदार पोस्ट के बाद शुरू हुआ यह सिलसिला अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

Advertisement
X
मुंबई मेट्रो ने मजाकिया अंदाज में मुख्य बिल्ली अधिकारी (सीएफओ) का पद दे दिया है.. (Photos: X/@sandesh_samant)
मुंबई मेट्रो ने मजाकिया अंदाज में मुख्य बिल्ली अधिकारी (सीएफओ) का पद दे दिया है.. (Photos: X/@sandesh_samant)

मुंबई के गुंडावली मेट्रो स्टेशन को इन दिनों एक नई अधिकारी मिल गई है. उसके चार पैर हैं, चेहरा हमेशा थोड़ा गंभीर दिखता है और वह अपनी ड्यूटी भी पूरी जिम्मेदारी से करती नजर आती है. यह कोई इंसान नहीं, बल्कि एक बिल्ली है, जिसे मुंबई मेट्रो ने मजाकिया अंदाज में मुख्य बिल्ली अधिकारी (सीएफओ) का पद दे दिया है.

कैसे मिली यह 'पोस्टिंग'

मुंबई मेट्रो की रेड लाइन यानी लाइन 7 के गुंडावली स्टेशन के एंट्री गेट पर अक्सर दिखाई देने वाली यह बिल्ली अब यात्रियों के बीच खास पहचान बना चुकी है. वह कभी स्टेशन के प्रवेश द्वार के पास बैठी मिलती है तो कभी आने-जाने वाले लोगों को बेहद शांत भाव से देखती नजर आती है. दरअसल, यात्री संदेश सामंत ने इस बिल्ली की तस्वीर खींची और मजाक में महा मुंबई मेट्रो ऑपरेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड (एमएमएमओसीएल) को मैसेज कर दिया. उन्होंने कहा कि स्टेशन की इस बिना सैलरी वाली 'संरक्षक' को कोई आधिकारिक पद मिलना चाहिए.

एमएमएमओसीएल ने भी इस मजाक को आगे बढ़ाया और बिल्ली को मुख्य बिल्ली अधिकारी बना दिया. अब उसका अनौपचारिक काम स्टेशन का 'निरीक्षण' करना और यात्रियों पर नजर रखना बताया जा रहा है.

Advertisement

देखें पोस्ट

अधिकारी भी हुए फैन

एक एमएमएमओसीएल अधिकारी ने कहा कि यह पद मजाक में दिया गया है, लेकिन बिल्ली को देखकर लगता है कि वह अपनी जिम्मेदारियों को काफी गंभीरता से लेती है.अधिकारी ने यह भी बताया कि मेट्रो नेटवर्क की ठंडी सीढ़ियों और दूसरी जगहों पर कभी-कभी बिल्लियां, कुत्ते और बंदर भी आकर आराम करते हैं. हालांकि, यात्रियों को घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि ये जानवर स्टेशनों पर स्थायी रूप से नहीं रहते और आते-जाते रहते हैं.

नाम-पता कुछ नहीं, फिर भी बनी 'सेलिब्रिटी'

दिलचस्प बात यह है कि मुंबई मेट्रो की इस नई सीएफओ का नाम, उम्र और यहां तक कि उसका लिंग भी किसी को पता नहीं है. इसके बावजूद गुंडावली स्टेशन आने वाले यात्रियों के लिए वह एक जाना-पहचाना चेहरा बन चुकी है.

दुनिया में हैं कई 'सरकारी बिल्लियां'

मुंबई की यह 'अधिकारी' अकेली भी नहीं है. उसके कुछ अंतरराष्ट्रीय साथी भी हैं. ब्रिटेन के 10 डाउनिंग स्ट्रीट में रहने वाली मशहूर बिल्ली लैरी साल 2011 से मुख्य चूहा पकड़ने वाली बिल्ली की जिम्मेदारी निभा रही है. वहीं पामर्स्टन नाम की एक और बिल्ली ब्रिटेन के विदेश और राष्ट्रमंडल कार्यालय में मुख्य चूहा पकड़ने वाली बिल्ली रह चुकी है.

मुंबई मेट्रो की इस सीएफओ के पास न कोई कार्यालय है, न पहचान पत्र और न ही तय ड्यूटी का समय. लेकिन इतना जरूर है कि गुंडावली स्टेशन इन दिनों उसकी 'पंजों वाली निगरानी' में है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement