अगर आप भी इंस्टाग्राम पर रील्स देखते हुए घंटों बिता देते हैं और घरवाले आपको फोन चलाने के लिए टोकते रहते हैं, तो यह खबर आपके चेहरे पर मुस्कान ला सकती है. राजस्थान के उदयपुर की एक कंपनी ऐसी नौकरी लेकर आई है, जिसमें आपको दिनभर इंस्टाग्राम रील्स देखनी होंगी और इसके बदले पैसे भी मिलेंगे. सुनने में यह किसी मजाक जैसा लग सकता है, लेकिन कंपनी ने सच में इस काम के लिए लोगों से आवेदन मांगे हैं.
इस कंपनी का नाम इंफ्लूइस (Influish) है. कंपनी को एक ऐसे व्यक्ति की तलाश है, जो दिनभर इंस्टाग्राम पर रील्स देख सके और यह पता लगा सके कि सोशल मीडिया पर क्या नया ट्रेंड चल रहा है. कंपनी ने इस नौकरी को 'प्रोफेशनल डूमस्क्रॉलर' (Professional Doom Scroller) नाम दिया है. इस अनोखी नौकरी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
आखिर क्या काम करना होगा?
आमतौर पर लोग खाली समय में इंस्टाग्राम खोलते हैं और एक के बाद एक रील देखते रहते हैं. कई बार 5 मिनट के लिए फोन उठाने वाले लोग भी एक-दो घंटे तक स्क्रॉल करते रहते हैं. लेकिन इस नौकरी में यही काम आपकी जिम्मेदारी होगी. कंपनी के मुताबिक, चुने गए व्यक्ति को ऑफिस में बैठकर इंस्टाग्राम रील्स देखनी होंगी. उसे यह समझना होगा कि कौन-सी रील तेजी से वायरल हो रही है, किस तरह के वीडियो लोगों को पसंद आ रहे हैं और सोशल मीडिया पर कौन-सा नया ट्रेंड शुरू हो रहा है.
इसके बाद उसे ये सारी जानकारी कंपनी की टीम के साथ साझा करनी होगी. यानी सिर्फ रील देखते रहना ही काफी नहीं होगा, बल्कि यह भी समझना होगा कि कोई वीडियो लोगों के बीच इतना लोकप्रिय क्यों हो रहा है. कंपनी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करके इस नौकरी के बारे में बताया है. वीडियो में कंपनी का एक कर्मचारी कहता है कि अगर आपको सच में इंस्टाग्राम चलाना पसंद है, तो कंपनी आपको इसी काम के पैसे देगी.
कैसे कर सकते हैं इस नौकरी के लिए अप्लाई?
कंपनी ने इस नौकरी के लिए आवेदन करने का तरीका भी बताया है. इच्छुक उम्मीदवार इंस्टाग्राम पर @gangsofstartup अकाउंट पर जाकर भर्ती से जुड़ा वीडियो देख सकते हैं. इस वीडियो के कमेंट में 'Hi' लिखने पर उदयपुर में रहने वाले लोगों को डायरेक्ट मैसेज (DM) के जरिए आवेदन का लिंक भेजा जाएगा. इसके अलावा इस इंस्टाग्राम अकाउंट के बायो में दिए गए गूगल फॉर्म के जरिए भी आवेदन किया जा सकता है.
आवेदन फॉर्म में उम्मीदवारों को अपना नाम, फोन नंबर और पता जैसी जानकारी देनी होगी. इसके अलावा यह भी बताना होगा कि वे फुल टाइम नौकरी करना चाहते हैं या इंटर्नशिप. उम्मीदवारों से उनकी मौजूदा सैलरी और कितनी सैलरी की उम्मीद है, इसकी जानकारी भी मांगी गई है. फॉर्म के साथ रिज्यूमे अपलोड करना भी जरूरी है. कंपनी के मुताबिक, आवेदन करने वाले उम्मीदवारों में से शॉर्टलिस्ट किए गए लोगों से संपर्क किया जाएगा.
11 हजार से ज्यादा लोगों ने मांगा आवेदन फॉर्म
इस अनोखी नौकरी की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर लोगों की दिलचस्पी बढ़ गई. कंपनी ने बताया कि 11 हजार से ज्यादा लोग आवेदन फॉर्म मांग चुके हैं. वहीं, 4 नवंबर को शेयर किए गए भर्ती के वीडियो को भी लाखों बार देखा जा चुका है. लोग इस नौकरी को लेकर मजेदार कमेंट कर रहे हैं. किसी ने इसे अपने सपनों की नौकरी बताया, तो किसी ने कहा कि वह इस काम के लिए पहले से ही तैयार है. कुछ लोगों ने तो मजाक में यह भी कहा कि रील्स देखने की उनकी पुरानी आदत आखिरकार किसी काम आ सकती है.
क्या है डूम स्क्रॉलिंग का मतलब?
डूम स्क्रॉलिंग (Doomscrolling) शब्द का इस्तेमाल तब किया जाता है, जब कोई व्यक्ति लगातार सोशल मीडिया पर पोस्ट, वीडियो या खबरें स्क्रॉल करता रहता है और उसे पता ही नहीं चलता कि कितना समय बीत गया. आमतौर पर यह शब्द लंबे समय तक बिना रुके सोशल मीडिया देखने की आदत के लिए इस्तेमाल होता है. हालांकि, इस नौकरी में कंपनी को सिर्फ ऐसा व्यक्ति नहीं चाहिए जो घंटों फोन चलाए. उसे ऐसा उम्मीदवार चाहिए, जो सोशल मीडिया पर चल रहे ट्रेंड को पहचान सके और यह बता सके कि लोगों की दिलचस्पी किस तरह के कंटेंट में बढ़ रही है.