scorecardresearch
 

ग्वालियर की B.Tech और गुरुग्राम-नोएडा की नौकरी से न्यूजीलैंड तक का सफर... दिव्या ने फ्रांस के इंजीनियर रोमेन के साथ रचाई शादी

France Groom Sangaria Wedding: फ्रांस से संगरिया पहुंचा दूल्हा, विदेशी बारातियों ने राजस्थानी रंग में जमाया रंग. न्यूजीलैंड में हुई दिव्या ज्योति और रोमेन की लव स्टोरी का राजस्थान में हुआ अनूठा विवाह...

Advertisement
X
सात समंदर पार की प्रेम कहानी राजस्थान में हुई पूरी.(Photo:ITG)
सात समंदर पार की प्रेम कहानी राजस्थान में हुई पूरी.(Photo:ITG)

राजस्थान अपनी भव्य मेहमाननवाजी और संस्कृति के लिए पूरी दुनिया में जाना जाता है, लेकिन हनुमानगढ़ जिले के संगरिया कस्बे में इन दिनों एक ऐसी अनूठी शादी चर्चा का केंद्र बनी हुई है, जिसने सात समंदर पार फ्रांस तक सुर्खियां बटोर ली हैं. फ्रांस से दूल्हा बनकर संगरिया पहुंचे रोमेन और स्थानीय बेटी दिव्या ज्योति के विवाह में विदेशी बारातियों ने राजस्थानी रंग में रंगकर समां बांध दिया.
 
संगरिया के सेवानिवृत्त शिक्षा अधिकारी की सुपुत्री दिव्या ज्योति की शैक्षणिक और करियर यात्रा काफी प्रेरणादायक रही है. दिव्या ने ग्वालियर से बीटेक (B.Tech) की डिग्री हासिल करने के बाद देश की प्रतिष्ठित कंपनियों गुरुग्राम में आईबीएम (IBM) और नोएडा में एचसीएल (HCL) में अपनी सेवाएं दीं.

इसके बाद वे उच्च शिक्षा व करियर के सिलसिले में न्यूजीलैंड चली गईं. न्यूजीलैंड में कार्य करने के दौरान उनकी मुलाकात फ्रांस के रहने वाले रोमेन से हुई, जो पेशे से मैकेनिकल इंजीनियर हैं. धीरे-धीरे यह पेशेवर परिचय गहरी दोस्ती और फिर प्यार में बदल गया. दोनों ने अपने इस रिश्ते को ताउम्र निभाने का फैसला किया.

परिवारों की रजामंदी से संगरिया में रचाई गई शादी

जब दोनों ने अपने रिश्ते की बात अपने परिजनों को बताई, तो फ्रांस और भारत दोनों परिवारों ने बिना किसी झिझक के इस रिश्ते को सहर्ष स्वीकार कर लिया. इसके बाद यह तय हुआ कि विवाह समारोह राजस्थान के संगरिया में पारंपरिक भारतीय रीति-रिवाजों के साथ संपन्न होगा.

विदेशी बारातियों ने राजस्थानी लिबास में जमाया रंग

शादी समारोह में शामिल होने के लिए फ्रांस से दूल्हे के साथ कई विदेशी मेहमान (बाराती) संगरिया पहुंचे. विदेशी मेहमानों ने राजस्थानी साफा बांधकर, पारंपरिक परिधान पहनकर और भारतीय संस्कृति में पूरी तरह रमकर इस शादी की रौनक को कई गुना बढ़ा दिया. डीजे की धुनों पर विदेशी बारातियों का थिरकना और राजस्थानी व्यंजनों का लुत्फ उठाना हर किसी के आकर्षण का केंद्र रहा. इस अंतरराष्ट्रीय विवाह ने संगरिया में सांस्कृतिक मेल-मिलाप और ग्लोबल भाईचारे की एक बेहद खूबसूरत मिसाल पेश की है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement