कैंसर से जूझ रही एक महिला का वीडियो सोशल मीडिया पर लाखों लोगों को इमोशनल कर रहा है. कीमोथेरेपी के कारण जब महिला के बाल तेजी से झड़ने लगे, तो उसने मजबूरी में अपना सिर मुंडवाने का फैसला किया. लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने इंटरनेट पर लोगों की आंखें नम कर दीं. पत्नी का दर्द कम करने के लिए पति ने भी बिना कुछ कहे अपना सिर शेव कर लिया.
यह वायरल वीडियो इंस्टाग्राम पर नमर्ता नितिन गोयल ने शेयर किया है. वीडियो में नमर्ता कुर्सी पर बैठी नजर आती हैं और उनके पति बेहद प्यार से उनके बाल हटाने में मदद करते हैं. माहौल बेहद शांत होता है, लेकिन कुछ सेकेंड बाद पति खुद भी ट्रीमर उठाकर अपना सिर शेव कर लेता हैं. यही पल लोगों के दिल को छू गया और वीडियो वायरल गया.
वीडियो के साथ नमर्ता ने लिखा कि तुमने सिर्फ अपना सिर नहीं मुंडवाया, तुमने मेरा दर्द भी अपने साथ उठा लिया. इस एक लाइन ने हजारों लोगों को भावुक कर दिया. कई यूजर्स ने कहा कि सच्चा प्यार बड़े-बड़े शब्दों में नहीं, बल्कि ऐसे छोटे लेकिन गहरे साथ में दिखाई देता है.
देखें वायरल वीडियो
नमर्ता ने अपने पुराने पोस्ट में बताया था कि कीमोथेरेपी के बाद बाल झड़ना उनके लिए सबसे मुश्किल अनुभवों में से एक था. दूसरे सेशन के बाद बाल इतनी तेजी से गिरने लगे थे कि सिर छूने पर भी दर्द होता था. हालांकि उन्हें पहले से पता था कि इलाज के दौरान ऐसा होगा, लेकिन असल में उस पल का सामना करना बेहद भावनात्मक था.
वीडियो पर लोग लगातार रिएक्शन दे रहे हैं. किसी ने इसे रिश्ते की असली ताकत कहा, तो किसी ने लिखा कि हर महिला को ऐसा पार्टनर मिले. कई यूजर्स ने माना कि बीमारी के दौर में सबसे बड़ी दवा सिर्फ इलाज नहीं, बल्कि अपने लोगों का साथ होता है.
सोशल मीडिया पर यह वीडियो अब सिर्फ एक कपल की कहानी नहीं, बल्कि प्यार, साथ और हिम्मत की मिसाल बन चुका है.