स्पेन के कैनरी आइलैंड्स से एक ऐसा मामला सामने आया है. जिसने लोगों को हैरान कर दिया है. यहां एक शख्स पर अपनी पत्नी की हत्या करने और उसकी बॉडी के छोटे-छोटे टुकड़े करके उन्हें उबालने का आरोप है.
आरोप है कि इसके बाद उसने शरीर के टुकड़ों को प्लास्टिक की थैलियों में भरकर समुद्र किनारे और एक सुपरमार्केट के पास फेंक दिया. इस मामले में आरोपी कोई आम शख्स नहीं, बल्कि पूर्व सिविल गार्ड अधिकारी है. अब उसके खिलाफ हत्या और शव के साथ छेड़छाड़ करने के आरोपों में मुकदमा चलने वाला है.
समुद्र किनारे और सुपरमार्केट के पास मिले शरीर के टुकड़े
डेली स्टार की रिपोर्ट के मुताबिक, यह मामला साल 2020 का है. जब कोरोना महामारी के दौरान लॉकडाउन लगा हुआ था. आरोप है कि ग्रैन कैनरिया द्वीप के प्लाया डेल इंग्लेस इलाके में एक फ्लैट के अंदर महिला की हत्या की गई. इसके बाद शव को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट दिया गया.
मामले की जांच के दौरान पुलिस को प्लास्टिक की कई थैलियों में महिला के शरीर के टुकड़े मिले. कुछ थैलियां समुद्र किनारे बने मशहूर होटल डुनामार और शॉपिंग सेंटर के पास मिली थीं. यह इलाका पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय है. शरीर के कुछ हिस्से लिडल सुपरमार्केट के पास भी मिले.
जांच में सामने आया कि शव के कुछ हिस्सों को उबाला गया था. फॉरेंसिक विशेषज्ञों के मुताबिक, शरीर को इतने छोटे टुकड़ों में काट दिया गया था कि महिला की मौत की असली वजह का पता लगाना बेहद मुश्किल हो गया. जांचकर्ताओं का अनुमान था कि शव को टुकड़ों में काटने में दो दिन से ज्यादा समय लगा होगा.
पत्नी की मौत को लेकर आरोपी ने बदले बयान
इस मामले में आरोपी पति पर अपनी पत्नी की हत्या करने का आरोप है. अभियोजन पक्ष के मुताबिक, उसने पुलिस को शुरुआत में बताया था कि उसकी पत्नी की मौत काफी देर तक चली दर्दनाक प्रक्रिया के बाद हुई. हालांकि, बाद में उसने अपना बयान बदल दिया और दावा किया कि उसकी पत्नी की मौत तुरंत हो गई थी.
आरोप है कि पत्नी के लापता होने के बाद आरोपी ने एक कथित सुसाइड नोट भी तैयार किया था. इसमें लिखा गया था कि महिला नहीं चाहती कि कोई उसे ढूंढे. पुलिस को शक है कि यह नोट महिला के गायब होने की वजह छिपाने के लिए बनाया गया था.
रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी ने शुरुआती पूछताछ में हत्या की बात कबूल करने का दावा भी किया था. उसने कथित तौर पर बताया कि वह समुद्र किनारे टहलते हुए शरीर के टुकड़ों से भरी थैलियों को अलग-अलग जगहों पर फेंकता गया. हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों और आरोपी के बयानों की अंतिम पुष्टि अदालत में होनी बाकी है.
पड़ोसियों ने पहले भी सुनी थीं झगड़े की आवाजें
जांच के दौरान पुलिस को पड़ोसियों से भी अहम जानकारी मिली. बताया गया कि पति-पत्नी के रिश्ते अच्छे नहीं थे और उनके बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे. कुछ पड़ोसियों ने महिला को आंख पर चोट के निशान के साथ भी देखा था.
मृतका की उम्र 59 साल थी, जबकि आरोपी पति 70 साल का था. पुलिस का आरोप है कि हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए आरी, चाकू और हथौड़े जैसे औजारों का इस्तेमाल किया गया.
आरोपी को कितनी सजा हो सकती है?
इस मामले में आरोपी के खिलाफ हत्या और शव के अपमान से जुड़े आरोप लगाए गए हैं. अभियोजन पक्ष उसके लिए कम से कम 17 साल की जेल की सजा और दंपति के दोनों बच्चों को कुल 2.5 लाख यूरो मुआवजा देने की मांग कर रहा है.
मामले की सुनवाई में फॉरेंसिक जांच, शरीर के टुकड़े मिलने की जगहों और आरोपी के बयानों जैसे पहलुओं पर चर्चा होने की उम्मीद है. अभियोजन पक्ष ने आरोपी की मानसिक स्थिति से जुड़ी अतिरिक्त जांच की मांग भी की है.
आरोपी हत्या के बाद से हिरासत में है. हालांकि, अदालत में दोष साबित होने तक उसे कानूनी रूप से आरोपी ही माना जाएगा. इस मामले में अंतिम फैसला अदालत की सुनवाई और पेश किए जाने वाले सबूतों के आधार पर होगा.