ब्रिटेन के सिल्वरस्टोन सर्किट में आयोजित 2026 फॉर्मूला-1 ब्रिटिश ग्रां प्री स्प्रिंट की शुरुआत इस बार साउथ एशियन हेरिटेज मंथ के जश्न के साथ हुई. रेस शुरू होने से पहले स्टार्टिंग ग्रिड पर पंजाबी भांगड़ा डांसर्स और ढोल बजाने वाले कलाकारों ने शानदार प्रस्तुति दी. हजारों दर्शकों ने तालियों के साथ इस सांस्कृतिक कार्यक्रम का स्वागत किया और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब देखा जा रहा है.
दरअसल, हर साल 1 जुलाई से 31 जुलाई तक मनाए जाने वाले साउथ एशियन हेरिटेज मंथ के दौरान भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, श्रीलंका, नेपाल, भूटान, अफगानिस्तान और मालदीव की सांस्कृतिक विरासत का जश्न मनाया जाता है. इसी मौके पर डांसर जस औलाख और उनकी टीम भांगड़ा फैम एकेडमी ने 'कौन नी जांदाह' गाने पर पारंपरिक पंजाबी भांगड़ा पेश किया.
फॉर्मूला-1 ने भी इस प्रस्तुति का वीडियो अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर करते हुए लिखा, 'F1 Sprint से पहले हमने ग्रिड पर खास भांगड़ा परफॉर्मेंस के साथ साउथ एशियन हेरिटेज मंथ का जश्न मनाया.
देखें वीडियो
परफॉर्मेंस के बीच पहुंची मेडिकल टीम
भांगड़ा प्रस्तुति के दौरान ढोल बजा रहे एक कलाकार की अचानक तबीयत बिगड़ गई. इसके बाद मेडिकल टीम तुरंत मौके पर पहुंची और उसे प्राथमिक उपचार दिया. कुछ देर बाद कलाकार की हालत स्थिर हो गई.
द सन की रिपोर्ट्स के मुताबिक, शनिवार को सिल्वरस्टोन में तापमान करीब 26 डिग्री सेल्सियस था. माना जा रहा है कि तेज धूप और डिहाइड्रेशन की वजह से कलाकार की तबीयत बिगड़ी. बाद में एहतियात के तौर पर उसे एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया.
स्प्रिंट रेस किसने जीती?
रेस की बात करें तो मर्सिडीज के युवा ड्राइवर किमी एंटोनेली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्प्रिंट रेस अपने नाम की. उन्होंने पोल पोजिशन से शुरुआत करने वाले लुईस हैमिल्टन को पीछे छोड़ दिया. वहीं लैंडो नॉरिस तीसरे स्थान पर रहे.