दिल्ली की रहने वाली अनुकृति विद्यार्थी इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा में हैं. उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर बताया कि करीब साढ़े पांच साल तक एक ही कंपनी में काम करने के बाद उन्हें अचानक नौकरी से निकाल दिया गया. उनका कहना है कि यह फैसला उनके लिए पूरी तरह अप्रत्याशित था, लेकिन अब वह इसे जिंदगी की नई शुरुआत का मौका मानने की कोशिश कर रही हैं. अनुकृति ने बताया कि 29 जून 2026 को उनकी एचआर टीम और मैनेजर के साथ फोन पर बातचीत हुई. इसी कॉल में उन्हें बताया गया कि कंपनी में उनका पोस्ट अब जरूरी नहीं रह गया है और उन्हें नौकरी छोड़नी होगी. यह खबर सुनकर वह पूरी तरह हैरान रह गईं, क्योंकि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि इतने लंबे समय तक काम करने के बाद उन्हें इस तरह कंपनी छोड़नी पड़ेगी.
वीडियो में उन्होंने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि आगे क्या करना है. उन्होंने कहा- मुझे नहीं पता कि मैं कैसा महसूस करूं. मुझे नहीं पता कि कहां से शुरुआत करूं. अब मुझे फिर से शून्य से शुरुआत करनी होगी. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें नहीं पता कि आगे उन्हें दूसरी नौकरी मिलेगी या नहीं, या फिर वह अपना कोई नया काम शुरू करेंगी. उनके मुताबिक, भविष्य को लेकर उनके मन में कई सवाल हैं और फिलहाल किसी भी चीज को लेकर पूरी तरह स्पष्टता नहीं है.
मैनेजर की कॉल पर मिली नौकरी जाने की खबर
हालांकि, इस मुश्किल समय में भी अनुकृति ने निगेटिव सोच न रखने की कोशिश की. उन्होंने कहा कि शायद यह सब किसी वजह से हुआ है. उनका मानना है कि अगर वह खुद कभी नौकरी छोड़ने की हिम्मत नहीं जुटा पाती, तो शायद यह भगवान का संकेत है कि अब उन्हें जिंदगी में आगे बढ़कर कुछ नया करना चाहिए. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा- शायद भगवान ने कहा होगा, अब यहां से निकलो, बहुत हो गया. उन्होंने नौकरी जाने के बाद आने वाली आर्थिक चुनौतियों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि अब हर महीने मिलने वाली तय सैलरी नहीं आएगी. हो सकता है कि आगे चलकर वह पहले से ज्यादा कमाएं या फिर कम कमाएं, लेकिन फिलहाल उन्हें कुछ भी पता नहीं है. यही अनिश्चितता सबसे बड़ी चुनौती है.
अब फिर से जीरो से शुरुआत करनी होगी
इस वीडियो को शेयर करते हुए उन्होंने कैप्शन में लिखा- Keep Moving Forward यानी आगे बढ़ते रहो. अनुकृति का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. कई लोगों ने उनके हौसले की तारीफ की, जबकि कई यूजर्स ने अपने साथ हुई ऐसी ही घटनाएं भी शेयर की. एक यूजर ने लिखा कि नई नौकरी ढूंढना आसान नहीं होगा, लेकिन उम्मीद है कि यह सफर उन्हें कुछ नया सिखाएगा. एक अन्य यूजर ने बताया कि उसे भी नौकरी से निकालते समय अनावश्यक शब्द सुनना पड़ा था और वह आज भी उस पल को नहीं भूल पाया है.
वीडियो हुआ वायरल, लोगों ने शेयर किए एक्सपिरियंस
एक व्यक्ति ने लिखा कि तीन महीने पहले उसे भी साढ़े पांच साल नौकरी करने के बाद इसी तरह का कॉल आया था. उसने कहा कि शुरुआत में उसे भी हर महीने मिलने वाली सैलरी खत्म होने की चिंता थी, लेकिन कंपनी से ग्रेच्युटी और अन्य आर्थिक लाभ मिलने से थोड़ी राहत मिली. वहीं, कई लोगों ने अनुकृति को हिम्मत रखने और जल्द नई नौकरी के लिए आवेदन शुरू करने की सलाह दी. कुछ यूजर्स ने कहा कि नौकरी जाना मुश्किल जरूर होता है, लेकिन जिंदगी यहीं नहीं रुकती और हर मुश्किल के बाद नए मौके भी मिलते हैं.