scorecardresearch
 

...कहा था ना तेरी कब्र पर नाचेंगे? फिर चर्चा में खामेनेई की जलती तस्वीर से सिगरेट सुलगाती महिला, मनाया जश्न

ईरान के शीर्ष धर्मगुरु Ali Khamenei से जुड़ा एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें वही महिला नजर आ रही हैं, जो पहले खामेनेई की तस्वीर जलाकर उससे सिगरेट जलाने के कारण चर्चा में आई थी. अब वह उनकी मौत की खबर पर जश्न मनाती दिखाई दे रही हैं.

Advertisement
X
महिला पर खामेनेई की मौत की खबर पर जश्न मनाती नजर आ रही हैं. Photo: X/@melianouss
महिला पर खामेनेई की मौत की खबर पर जश्न मनाती नजर आ रही हैं. Photo: X/@melianouss

ईरान के शीर्ष धर्मगुरु Ali Khamenei से जुड़ा एक वीडियो फिर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में वही महिला नजर आ रही हैं, जो पहले खामेनेई की तस्वीर में आग लगाकर उससे सिगरेट जलाने के कारण चर्चा में आई थी. अब नए वीडियो में वह कथित तौर पर उनकी मौत की खबर पर जश्न मनाती दिखाई दे रही हैं. इस वीडियो के सामने आने के बाद ईरान और विदेशों में रह रहे ईरानी समुदाय के बीच मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. कुछ लोग, खासकर सरकार विरोधी समूह, सोशल मीडिया पर जश्न मनाते और इसे “बदलाव की शुरुआत” बताते नजर आए. वहीं दूसरी ओर, खामेनेई के समर्थक और धार्मिक तबकों में शोक और नाराज़गी का माहौल बताया जा रहा है. कई जगहों पर लोगों ने संवेदना जताई, जबकि कुछ क्षेत्रों में सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है.

कौन है महिला?
X पर “मोर्टिशिया एडम्स” नाम से सक्रिय यह महिला पहले भी जनवरी में वायरल हुई थी. उस समय एक वीडियो में वह खामेनेई की छपी तस्वीर को आग लगाकर उसी से सिगरेट जलाती दिखी थी. इस घटना को कई लोगों ने ईरान के धार्मिक नेतृत्व के खिलाफ प्रतीकात्मक विरोध बताया था. हालांकि, बाद में Reuters की फैक्ट-चेक रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया कि वह वीडियो ईरान में नहीं, बल्कि कनाडा के ओंटारियो में फिल्माया गया था. रिपोर्ट के अनुसार, यह क्लिप कैनेडियन इम्पीरियल बैंक ऑफ कॉमर्स की एक शाखा के बाहर रिकॉर्ड की गई थी. महिला ने इंटरव्यू में कहा था कि उसने जीवन का अधिकांश समय ईरान में बिताया, लेकिन अब वह कनाडा में रह रही हैं.

नया वीडियो क्यों चर्चा में?
नए वायरल वीडियो में महिला एक भीड़ के साथ चलते हुए गाना गाती दिखाई दे रही है. पोस्ट में उसने लिखा, “मैंने कहा था ना कि हम तुम्हारी कब्र पर नाचेंगे?” वीडियो में #KingRezaPahlavi हैशटैग भी दिखा, जो ईरान के आखिरी शाह के बेटे से जुड़ा है. यह वीडियो उस समय सामने आया जब ईरानी सरकारी मीडिया ने दावा किया कि अमेरिका और इजरायल के हमलों में खामेनेई मारे गए हैं। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो पाई है और हालात को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है.

Advertisement

ईरान में मिली-जुली प्रतिक्रिया
रिपोर्ट्स के मुताबिक, तेहरान, कराज और इस्फ़हान जैसे शहरों में कुछ लोगों ने जश्न मनाया, जबकि कई नागरिकों ने क्षेत्र में बढ़ती हिंसा और संभावित युद्ध को लेकर चिंता जताई. ईरान में सर्वोच्च नेता की तस्वीर जलाना गंभीर अपराध माना जाता है. वहीं, महिलाओं के सार्वजनिक रूप से धूम्रपान करने पर भी सामाजिक प्रतिबंध हैं. ऐसे में तस्वीर जलाकर सिगरेट जलाने की घटना को उकसाने वाला और प्रतीकात्मक विरोध माना गया. 2022 में Mahsa Amini की हिरासत में मौत के बाद शुरू हुए “महिला, जीवन, स्वतंत्रता” आंदोलन के दौरान भी महिलाओं द्वारा सिर पर स्कार्फ जलाने और बाल काटने जैसे प्रतीकात्मक विरोध सामने आए थे.

मिडिल ईस्ट में हालात और गंभीर
अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने मिडिल ईस्ट में हालात और गंभीर कर दिए हैं. मिसाइल और ड्रोन हमलों, उड़ानों में बाधा और तेल आपूर्ति मार्ग होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं. ईरान ने हमलों का जवाब देने की चेतावनी दी है, जिससे व्यापक क्षेत्रीय संघर्ष की आशंका जताई जा रही है.
फिलहाल, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और दावों के बीच सच्चाई और अफवाहों को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement