Solo Trip Places for Summer in India: गर्मी की छु्ट्टियां आ चुकी हैं और इस चिलचिलाती धूप में कहीं दूर जाने का मन करता है. लेकिन समस्या वही पुरानी है दोस्तों की 'हां, इस बार पक्का चलेंगे' वाला वादा! अगर इस बार भी आपका ट्रैवल प्लान दोस्तों की वजह से बीच में ही लटक गया है, तो अब फिक्र छोड़िए और अपना बैग पैक कीजिए. अकेले सफर करने का अपना एक अलग ही सुकून होता है; न किसी की मर्जी का इंतजार और न ही किसी के नखरे.
आजकल लोगों के बीच में सोलो ट्रैवलिंग का क्रेज चढ़ा हुआ है और अगर आप अभी तक अकेले कहीं बाहर नहीं गए हैं तो टेंशन लेने की जरूरत नहीं हैं. क्योंकि आज हम आपको भारत के 5 ऐसे जन्नत जैसे डेस्टिनेशन्स के बारे में बताएंगे ,जो सोलो ट्रैवलर्स के लिए पहली पसंद हैं. यहां का शांत माहौल, खूबसूरत नजारे और सुरक्षित वातावरण आपकी इस पहली सोलो ट्रिप को हमेशा-हमेशा के लिए यादगार बना देंगे.
अगर आप पहली बार अकेले घूमने जाने का प्लान बना रहे हैं तो आपके लिए उत्तराखंड का ऋषिकेश सबसे बेस्ट जगह है. इसे 'योग की ग्लोबल कैपिटल' भी कहा जाता है, यहां का माहौल आध्यात्मिक होने के साथ-साथ एडवेंचर से भरपूर है. ऋषिकेश में आपको योग करने के लिए सुकून से भरी जगहें मिलेंगी. इसके अलावा आप यहां पर कैफे कल्चर और रिवर राफ्टिंग का लुफ्त उठा सकते हैं. यहां पर दूर-दूर से लोग त्रिवेणी घाट पर गंगा आरती और लक्ष्मण झूला देखने आते हैं.
सोलो ट्रैवलर्स के लिए यहां कई बेहतरीन और बजट-फ्रेंडली हॉस्टल्स मौजूद हैं, जहां नए लोगों से मिलना आसान होता है. इसके अलावा आप आराम से बिना किसी झंझट से यहां पर रुक सकते हैं और खाना-पीना भी यहां काफी किफायती है.
कसोल और जीभी
दिल्ली की गर्मी से दूर पहाड़ों पर शांति में समय बिताना चाहते हैं तो हिमाचल प्रदेश के कसोल और जीभी भी अकेले घूमने आने वाले लोगों के लिए अच्छे हैं. अगर पहाड़ों में सुकून और हरियाली देखना पसंद है, तो कुल्लू घाटी की ये दोनों जगहें आपके लिए किसी जन्नत से कम नहीं होने वाली हैं. यहा का वर्कैशनऔर बैकपैकिंग कल्चर सोलो ट्रैवलर्स को बहुत सुरक्षित और आरामदायक माहौल देता है.
यहां पर पार्वती नदी का किनारा, खीरगंगा ट्रेक, और जीभी के खूबसूरत वॉटरफॉल्स और वुडन कॉटेज सोलो ट्रैवलर्स के बीच काफी पॉपुलर है. इसके अलावा यहां जाएं तो हिमाचली फूड खाना बिल्कुल भी ना भूलें.
जो लोग पहाड़ों की बजाय समंदर और शांत गलियों का शौक रखते हैं , उनके लिए पुडुचेरी बेस्ट है. यहां की फ्रेंच वास्तुकला, साफ-सुथरे बीचेज और शांति भरा माहौल अकेले घूमने के लिए बेहद सुरक्षित और शानदार हैं. यहां आप स्कूटी किराए पर लेकर आसानी से पूरा शहर एक्सप्लोर कर सकते हैं और यहां पर व्हाइट टाउन की रंग-बिरंगी गलियां, रॉक बीच और ऑरोविले मोस्ट फेमस हैं.
दक्षिण भारत के केरल में स्थित वायनाड एक खूबसूरत हिल स्टेशन है, जहां आपको पश्चिमी घाट के घने जंगल, चाय के बागान और झरने देखने को मिलेंगे. नेचर के बीच खो जाने और खुद के साथ वक्त बिताने के लिए यह एक बेहद शांत और सुरक्षित डेस्टिनेशन मानी जाती है. यहां पर टूरिस्ट बाणासुर सागर बांध, एडाक्कल गुफाएं और चेम्बरा पीक देखने आते हैं.
मैक्लोडगंज
हिमाचल प्रदेश में लोग सिर्फ मनाली -शिमला घूमने जात हैं, लेकिन वहां पर कई ऐसे इलाके और गांव हैं, जहां की खूबसूरती मन मोह लेती है. धर्मशाला के पास स्थित मैक्लोडगंज खूबसूरत कस्बा तिब्बती संस्कृति और शांत वादियों का अनूठा मिक्सर है. सोलो फीमेल ट्रैवलर्स के लिए भी इस जगह को बेहद सुरक्षित माना जाता है, यहां के शांत मठ और कैफे अकेले वक्त बिताने के लिए बेहतरीन हैं. यहां पर विदेशों से भी लोग दलाई लामा मंदिर, भागसूनाथ वॉटरफॉल और त्रिउंड ट्रेक एक्सप्लोर करने आते हैं.