Best Winter Destinations in South India: सर्दियों में घूमने का प्लान बना रहे हैं लेकिन उत्तर भारत की कड़ाके की ठंड से दूर रहना चाहते हैं तो साउथ इंडिया की कुछ खूबसूरत जगहों पर जा सकते हैं. यहां आपको हरे-भरे पहाड़, चाय और कॉफी के बागान, शांत समुद्र तट, घने जंगल और खूबसूरत बैकवॉटर देखने को मिलेंगे. कहीं आप ठंडी वादियों में घूम सकते हैं तो कहीं समुद्र किनारे बैठकर सुकून के पल बिता सकते हैं.
सर्दियों में कई जगहों का मौसम घूमने-फिरने और आउटडोर एक्टिविटीज के लिए भी अच्छा रहता है. अगर आप परिवार, पार्टनर या दोस्तों के साथ छुट्टियां बिताना चाहते हैं तो साउथ इंडिया की ये जगहें आपकी ट्रैवल लिस्ट में शामिल हो सकते हैं. आइए जानते हैं सर्दियों में घूमने के लिए दक्षिण भारत की 10 खूबसूरत जगहों के बारे में.
कोडाइकनाल (तमिलनाडु)
तमिलनाडु का कोडाइकनाल अपनी खूबसूरत पहाड़ियों, घने जंगलों, झीलों और झरनों के लिए जाना जाता है. इसे 'हिल स्टेशनों की राजकुमारी' भी कहा जाता है. सर्दियों में यहां सुबह के समय धुंध और ठंडा मौसम देखने को मिलता है, जो इस जगह की खूबसूरती को और बढ़ा देता है.
यहां आप कोडाइकनाल झील के किनारे टहल सकते हैं और कोकर वॉक से पहाड़ियों के खूबसूरत नजारे देख सकते हैं. इसके अलावा ब्रायंट पार्क, पाइन फॉरेस्ट, डॉल्फिन्स नोज, सिल्वर कैस्केड फॉल्स और गुना केव्स भी घूमने लायक जगहें हैं. अगर आपको फोटोग्राफी और प्रकृति के बीच समय बिताना पसंद है, तो यह जगह आपको पसंद आएगी.
ऊटी (तमिलनाडु)
तमिलनाडु में स्थित ऊटी भारत के मशहूर हिल स्टेशनों में से एक है. यहां चाय के बागान, झीलें, ऊंचे पेड़ और पहाड़ियों के खूबसूरत नजारे देखने को मिलते हैं. सर्दियों में यहां का मौसम ठंडा रहता है, इसलिए घूमने जाने से पहले गर्म कपड़े जरूर रख लें.
ऊटी में आप नीलगिरि माउंटेन रेलवे की टॉय ट्रेन में सफर कर सकते हैं. पहाड़ों के बीच से गुजरती इस ट्रेन का सफर यादगार हो सकता है. इसके अलावा ऊटी झील, गवर्नमेंट बॉटनिकल गार्डन और डोड्डाबेट्टा पीक घूम सकते हैं. अगर आपके पास समय है, तो ऊटी के पास स्थित कुन्नूर भी जा सकते हैं.
मुन्नार (केरल)
केरल का मुन्नार अपनी हरी-भरी पहाड़ियों और दूर-दूर तक फैले चाय के बागानों के लिए मशहूर है. यहां ठंडी हवा, धुंध से ढकी पहाड़ियां और झरने देखने को मिलते हैं. अगर आप सर्दियों में किसी शांत जगह पर छुट्टियां बिताना चाहते हैं, तो मुन्नार अच्छा विकल्प हो सकता है.
यहां आप चाय के बागानों में घूम सकते हैं और टी म्यूजियम जाकर चाय बनने की प्रक्रिया के बारे में जान सकते हैं. इसके अलावा मट्टुपेट्टी बांध, कुंडला झील और इको पॉइंट भी घूमने लायक जगहें हैं. यहां टॉप स्टेशन से पहाड़ियों के खूबसूरत नजारे देख सकते हैं. प्रकृति पसंद करने वालों के लिए एराविकुलम नेशनल पार्क भी आकर्षण का केंद्र है.
कुर्ग (कर्नाटक)
कर्नाटक का कुर्ग, जिसे कोडागु भी कहा जाता है, अपनी कॉफी की खेती, हरे-भरे जंगलों और खूबसूरत पहाड़ियों के लिए जाना जाता है. यहां का शांत माहौल और प्राकृतिक सुंदरता इसे परिवार और कपल्स के लिए अच्छा ट्रैवल डेस्टिनेशन बनाती है.
कुर्ग में आप कॉफी के बागानों को करीब से देख सकते हैं और वहां की खुशबू के बीच सुकून के पल बिता सकते हैं. इसके अलावा एबी फॉल्स, राजा सीट और दुबारे एलिफेंट कैंप घूमने जा सकते हैं. यहां नामद्रोलिंग मठ का गोल्डन टेंपल और तलकावेरी भी देखने लायक जगहें हैं. अगर आपको स्थानीय खानपान पसंद है तो कुर्ग के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लेना न भूलें.
वायनाड (केरल)
केरल का वायनाड उन लोगों के लिए बेहतर जगह है, जिन्हें पहाड़ों के साथ जंगल और वन्यजीव देखना पसंद है. पश्चिमी घाट में स्थित इस जगह पर घने जंगल, झरने, गुफाएं, मसालों के बागान और खूबसूरत पहाड़ियां हैं. सर्दियों में यहां घूमने और प्रकृति को करीब से देखने का अच्छा मौका मिलता है.
यहां आप एडक्कल गुफाएं, वायनाड वन्यजीव अभयारण्य और सूचिपारा झरने देखने जा सकते हैं. इसके अलावा बनासुरा सागर बांध और चेंबरा पीक भी पर्यटकों को आकर्षित करते हैं. अगर आपको ट्रेकिंग पसंद है, तो स्थानीय मौसम और रास्तों की स्थिति देखकर ट्रेक का प्लान बना सकते हैं.
अल्लेप्पी (केरल)
केरल का अल्लेप्पी, जिसे अलप्पुझा भी कहा जाता है, अपने बैकवॉटर और हाउसबोट के लिए मशहूर है. यहां पानी से भरे शांत रास्तों के दोनों ओर नारियल के पेड़, हरे-भरे खेत और छोटे-छोटे गांव नजर आते हैं. सर्दियों में यहां हाउसबोट में समय बिताना एक अलग अनुभव हो सकता है.
आप हाउसबोट में रात बिता सकते हैं और पानी के बीच से गुजरते हुए केरल की खूबसूरती देख सकते हैं. यहां स्थानीय गांवों को करीब से जानने और पारंपरिक केरल के खाने का स्वाद लेने का मौका भी मिलता है. इसके अलावा अल्लेप्पी बीच पर घूम सकते हैं. अगर आपके पास ज्यादा समय है, तो कुमारकोम या मरारी बीच जाने का प्लान भी बना सकते हैं.
कोच्चि (केरल)
अगर आपको इतिहास, संस्कृति और समुद्र किनारे घूमना पसंद है तो केरल का कोच्चि आपकी ट्रैवल लिस्ट में शामिल हो सकता है. यहां पुराने चर्च, ऐतिहासिक इमारतें, बाजार और समुद्र के खूबसूरत नजारे देखने को मिलते हैं. सर्दियों में शहर की पुरानी गलियों में पैदल घूमना और यहां की संस्कृति को करीब से जानना अच्छा अनुभव हो सकता है.
कोच्चि में आप फोर्ट कोच्चि घूम सकते हैं और समुद्र किनारे लगे चाइनीज फिशिंग नेट देख सकते हैं. इसके अलावा सेंट फ्रांसिस चर्च और मट्टनचेरी का इलाका भी घूमने लायक है. यहां की पुरानी गलियों में घूमते हुए स्थानीय कैफे में खाना खा सकते हैं. अगर आपको कला और संगीत पसंद है, तो कथकली का प्रदर्शन देखना भी अच्छा अनुभव हो सकता है.
पुडुचेरी
पुडुचेरी समुद्र किनारे बसा एक खूबसूरत शहर है जो अपनी फ्रेंच शैली की इमारतों, रंगीन गलियों, कैफे और शांत माहौल के लिए जाना जाता है. सर्दियों में यहां घूमना आरामदायक हो सकता है. आप शहर की गलियों में पैदल घूम सकते हैं या साइकिल से आसपास की जगहों को एक्सप्लोर कर सकते हैं.
यहां फ्रेंच क्वार्टर और व्हाइट टाउन की खूबसूरत इमारतें देखने लायक हैं. इसके अलावा प्रोमेनेड बीच और पैराडाइज बीच पर समय बिता सकते हैं. आध्यात्मिक माहौल पसंद करने वाले लोग श्री अरविंद आश्रम और ऑरोविल भी जा सकते हैं. यहां के कैफे में स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लेने के साथ शहर की पुरानी वास्तुकला को करीब से देखने का मौका मिलेगा.
अराकू वैली (आंध्र प्रदेश)
आंध्र प्रदेश की अराकू वैली अपनी हरी-भरी पहाड़ियों, कॉफी के बागानों, झरनों और आदिवासी संस्कृति के लिए जानी जाती है. अगर आप भीड़भाड़ से दूर किसी खूबसूरत जगह पर घूमना चाहते हैं, तो अराकू वैली एक अच्छा विकल्प हो सकती है. सर्दियों में यहां की पहाड़ियों पर धुंध और हरियाली खूबसूरत नजारा पेश करती है.
यहां आप कॉफी के बागानों में घूम सकते हैं और बोरा गुफाओं को देख सकते हैं. इसके अलावा आदिवासी संग्रहालय और आसपास के झरने भी एक्सप्लोर कर सकते हैं. यहां की यात्रा में पहाड़ी रास्तों से गुजरना भी एक खास अनुभव हो सकता है. प्रकृति और स्थानीय संस्कृति में रुचि रखने वालों को यह जगह पसंद आ सकती है.
अंडमान द्वीपसमूह
अगर आपको सर्दियों में ठंडी पहाड़ियों की जगह धूप, नीला समुद्र और शांत बीच पसंद हैं तो अंडमान द्वीपसमूह घूमने जा सकते हैं. यहां साफ पानी, समुद्र तट और समुद्र के भीतर की रंगीन दुनिया देखने को मिलती है. यह जगह बीच हॉलिडे और वॉटर स्पोर्ट्स पसंद करने वालों के लिए खास है.
अंडमान में आप राधानगर बीच पर समय बिता सकते हैं और समुद्र किनारे सूर्यास्त का नजारा देख सकते हैं. इसके अलावा स्कूबा डाइविंग, स्नॉर्कलिंग और कयाकिंग जैसी गतिविधियों का आनंद ले सकते हैं. इतिहास में रुचि रखने वाले लोग सेल्युलर जेल भी जा सकते हैं. हैवलॉक द्वीप और नील द्वीप की खूबसूरती भी देखने लायक है.
जगह चुनते समय इन बातों का रखें ध्यान
सर्दियों में दक्षिण भारत घूमने का प्लान बनाते समय अपनी पसंद और बजट के हिसाब से जगह चुनना जरूरी है. अगर आपको पहाड़ और चाय के बागान पसंद हैं तो मुन्नार, ऊटी या कोडाइकनाल जा सकते हैं. कॉफी के बागान और जंगल देखने हैं तो कूर्ग और वायनाड अच्छे रहेंगे. वहीं, समुद्र किनारे आराम करना चाहते हैं तो पुडुचेरी, अल्लेप्पी या अंडमान द्वीपसमूह को चुन सकते हैं. इतिहास और संस्कृति में रुचि रखने वाले लोग कोच्चि भी जा सकते हैं.
ट्रिप प्लान करने से पहले होटल, आने-जाने के साधन और स्थानीय मौसम की जानकारी जुटा लें. पहाड़ी इलाकों में सुबह और रात के समय ठंड बढ़ सकती है, इसलिए गर्म कपड़े साथ रखें. समुद्र तटों पर वॉटर स्पोर्ट्स करने से पहले स्थानीय दिशा-निर्देशों और मौसम की स्थिति की जांच करें. इस तरह सही तैयारी के साथ आप साउथ इंडिया की सर्दियों वाली छुट्टियों का भरपूर आनंद ले सकते हैं.