Most Beautiful Villages in India: भारत सिर्फ अपनी ऐतिहासिक इमारतों और बड़े शहरों के लिए ही नहीं, बल्कि खूबसूरत गांवों के लिए भी दुनियाभर में मशहूर है. देश के अलग-अलग हिस्सों में कई ऐसे गांव मौजूद हैं, जहां की प्राकृतिक सुंदरता, शांत माहौल और अनोखी संस्कृति लोगों का दिल जीत लेती है. इन गांवों की खूबसूरती इतनी खास है कि यहां पहुंचकर लोग खुद को नेचर के बेहद करीब महसूस करते हैं.
अगर आप भीड़भाड़ और शोर-शराबे से दूर सुकून भरी जगहों पर घूमना पसंद करते हैं तो भारत के ये खूबसूरत गांव आपके लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन हो सकते हैं.
उत्तराखंड का माना गांव
उत्तराखंड के चमोली जिले में स्थित माना गांव को भारत का आखिरी गांव कहा जाता है. बर्फ से ढके पहाड़, ठंडी हवा और शांत वातावरण इस जगह को बेहद खास बनाते हैं. बद्रीनाथ धाम के पास होने की वजह से यह गांव धार्मिक रूप से भी काफी महत्वपूर्ण माना जाता है. यहां मौजूद 'भारत की आखिरी चाय की दुकान’ भी टूरिस्ट्स के बीच काफी फेमस है. यहां घूमने के लिए अप्रैल से जून और सितंबर से नवंबर का समय सबसे अच्छा माना जाता है.
अरुणाचल प्रदेश का जीरो गांव
अरुणाचल प्रदेश का जीरो गांव अपनी हरी-भरी वादियों और बांस के जंगलों के लिए जाना जाता है. यहां रहने वाली अपातानी जनजाति की संस्कृति और ट्रेडिशनल लाइफस्टाइल लोगों को खूब पसंद आती हैं. अगर आप नेचर को करीब से देखना चाहते हैं और शांति पसंद करते हैं तो यह जगह आपके लिए परफेक्ट हो सकती है. हर साल यहां होने वाला जीरो म्यूजिक फेस्टिवल भी काफी फेमस है. यहां घूमने के लिए मार्च से जून और सितंबर से अक्टूबर का समय बेहतर माना जाता है.
मेघालय का मावलिननोंग गांव
मेघालय का मावलिननोंग गांव एशिया के सबसे साफ गांव के तौर पर जाना जाता है. यहां की साफ-सफाई और हरियाली लोगों का दिल जीत लेती है. पेड़ों की जड़ों से बना लिविंग रूट ब्रिज इस गांव का सबसे बड़ा आकर्षण है. शांत माहौल और प्राकृतिक सुंदरता की वजह से यह जगह किसी विदेशी डेस्टिनेशन जैसी लगती है. यहां घूमने के लिए अक्टूबर से अप्रैल का मौसम सबसे अच्छा माना जाता है.
केरल का कैनाकरी गांव
केरल के कुट्टानाड क्षेत्र में स्थित कैनाकरी गांव अपनी खूबसूरत झीलों, बैकवॉटर और नारियल के पेड़ों के लिए मशहूर है. यहां की बोट राइड और शांत वातावरण लोगों को काफी पसंद आते हैं. प्रकृति के बीच सुकून भरे पल बिताने के लिए यह गांव एक शानदार जगह माना जाता है. यहां घूमने के लिए नवंबर से फरवरी का समय सबसे बेहतर माना जाता है, क्योंकि इस दौरान मौसम सुहावना रहता है.
राजस्थान का खिमसर गांव
राजस्थान का खिमसर गांव थार रेगिस्तान के किनारे बसा एक बेहद खूबसूरत गांव है. यह जगह अपने रेत के टीलों, ऐतिहासिक किलों और डेजर्ट सफारी के लिए जानी जाती है. यहां का सूर्यास्त का नजारा इतना खूबसूरत होता है कि लोग इसे कैमरे में कैद किए बिना नहीं रह पाते. पारंपरिक राजस्थानी माहौल इस गांव की खूबसूरती को और बढ़ा देता है. यहां घूमने के लिए अक्टूबर से मार्च का समय सबसे अच्छा माना जाता है, क्योंकि गर्मियों में यहां काफी तेज गर्मी पड़ती है.
अगर आप गर्मियों में किसी शांत और खूबसूरत जगह पर घूमने जाना चाहते हैं तो उत्तराखंड का माना गांव, अरुणाचल प्रदेश का जीरो गांव और मेघालय का मावलिननोंग गांव आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन हो सकते हैं. वहीं, केरल का कैनाकरी गांव और राजस्थान का खिमसर गांव में गर्मियों के दौरान ज्यादा गर्मी और उमस महसूस हो सकती है, इसलिए इस मौसम में वहां जाने से बचना बेहतर माना जाता है.