Uttar Pradesh News: पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और कटान शुरू हो गया है. मेरठ जिले के हस्तिनापुर खादर क्षेत्र स्थित गांव शेरपुर के पास गंगा के तेज बहाव के चलते 220 केवी हाईटेंशन लाइन के तीन टावर नदी में गिरकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.
यह घटना दौराला के मटौर 765 केवीए स्टेशन से बिजनौर के नहटौर 220 केवी स्टेशन जा रही विद्युत लाइन पर हुई. गंगा में बेतहाशा पानी आने से नदी के बीच खड़े टावर धराशायी हो गए. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
आपको बता दें कि गंगा नदी में पानी बढ़ने से तटीय इलाकों में तेजी से कटान हो रहा है. शेरपुर गांव के पास नदी के बीच खड़े हाईटेंशन लाइन के टावर बहाव का दबाव झेल नहीं सके और पानी में समा गए. 220 केवी ट्रांसमिशन लाइन का इस्तेमाल बिजलीघरों से सब-स्टेशनों तक बड़ी मात्रा में बिजली पहुंचाने के लिए होता है.
विद्युत विभाग के बयान का इंतजार
मटौर से नहटौर जाने वाली यह ट्रांसमिशन लाइन हस्तिनापुर के शेरपुर गांव के पास गंगा नदी से होकर गुजरती है. तीन टावरों के धराशायी होने के बाद ट्रांसमिशन लाइन बुरी तरह प्रभावित हुई है. हालांकि, इस पूरे मामले पर फिलहाल विद्युत विभाग की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है.