अगर आपको बाइक चलाने का शौक है और पहाड़ों के बीच लंबी राइड का सपना देखते हैं तो भारत में ऐसी कई खूबसूरत जगहें हैं जो आपके सफर को यादगार बना सकती हैं. घुमावदार सड़कें, ठंडी हवाएं, बर्फ से ढके पहाड़ और शानदार नजारे हर राइड को खास बना देते हैं. चाहे आप एडवेंचर पसंद करते हों या नेचर के बीच सुकून भरे पल बिताना चाहते हों, ये हिल स्टेशन आपकी ट्रैवल लिस्ट में जरूर होने चाहिए.
देहरादून से मसूरी तक का सफर
देहरादून से मसूरी तक का सफर उत्तर भारत की सबसे खूबसूरत बाइक राइड्स में से एक माना जाता है. लगभग 35 किलोमीटर लंबे इस रास्ते में घने जंगल, हरी-भरी घाटियां और ठंडी हवाएं आपका स्वागत करती हैं. मसूरी को 'पहाड़ों की रानी' कहा जाता है, जहां आप केम्प्टी फॉल्स, मॉल रोड और गन हिल जैसी जगहों का आनंद ले सकते हैं.
लेह से लेकर लद्दाख तक का सफर
बाइकर्स के लिए लेह-लद्दाख किसी ड्रीम डेस्टिनेशन से कम नहीं है. ऊंचे-ऊंचे पहाड़, बर्फीले दर्रे, नीला आसमान और खूबसूरत झीलें इस सफर को बेहद रोमांचक बना देती हैं. खारदुंग ला, चांग ला और पैंगोंग झील जैसे फेमस जगहें यहां की खास पहचान हैं. जून से सितंबर के बीच का समय यहां बाइक ट्रिप का सबसे अच्छा समय माना जाता है.
मनाली
हिमाचल प्रदेश का मनाली भी बाइक राइड के लिए बेहद फेमस जगह है. यहां की बर्फ से ढकी चोटियां, देवदार के जंगल और बहती नदियां सफर को और खूबसूरत बनाती हैं. रोहतांग पास की ओर जाने वाला रास्ता बाइकर्स के बीच काफी पसंद किया जाता है. कई लोग यहीं से अपनी लेह-लद्दाख यात्रा भी शुरू करते हैं.
तमिलनाडु का ऊटी
दक्षिण भारत का मशहूर हिल स्टेशन ऊटी भी बाइक राइड के लिए शानदार जगह है. नीलगिरि पहाड़ियों के बीच स्थित यह जगह अपनी घुमावदार सड़कों, चाय के बागानों और सुहावने मौसम के लिए जानी जाती है. मेट्टूपालयम से ऊटी तक का रास्ता रोमांच और खूबसूरती का बेहतरीन मेल है.
सिक्किम का गंगटोक
अगर आप पूर्वोत्तर भारत की खूबसूरती को करीब से देखना चाहते हैं तो गंगटोक की बाइक राइड जरूर प्लान करें. बर्फ से ढके पहाड़, हरी-भरी घाटियां और शांत वातावरण इस जगह को खास बनाते हैं. त्सोमगो झील और नाथुला पास तक जाने वाली सड़कें बाइकर्स के बीच काफी फेमस हैं. यहां का प्राकृतिक सौंदर्य हर यात्री का दिल जीत लेता है.
अगर आप अपनी छुट्टियों में कुछ अलग और एडवेंचर करना चाहते हैं इन हिल स्टेशनों की बाइक ट्रिप जरूर प्लान करें. यहां का खूबसूरत प्राकृतिक नजारा, शानदार सड़कें और एडवेंचर से भरपूर सफर आपकी यात्रा को हमेशा के लिए यादगार बना देगा.