अगर आप नया स्मार्टफोन खरीदने की सोच रहे हैं, तो अब आपको पहले से ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ सकते हैं. पिछले दो दिनों में कई बड़ी मोबाइल कंपनियों ने भारत में अपने स्मार्टफोन की कीमतें बढ़ा दी हैं. एक्सपर्ट्स मान रहे हैं कि 2026 की शुरुआत से इस साल के खत्म होने तक स्मार्टफोन्स की कीमतें 50% से ज्यादा बढ़ जाएंगी.
हाल ही में ऐपल ने आईफोन के अलावा अपने लगभग सभी प्रोडक्ट्स महंगे कर दिए. इनमे से मैकबुक की कीमतें लाख रुपये से ज्यादा बढ़ाई गई हैं. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की वजह से हो रहे चिप शॉर्टेज इसकी वजह बताई जा रही है.
यह भी पढ़ें: सैमसंग का बड़ा ऐलान, 22 जुलाई को लॉन्च होंगे Galaxy Fold8 और Flip 8, टोटल 7 प्रोडक्ट्स होंगे लॉन्च!
Samsung ने 8000 रुपये तक महंगे किए मिड रेंज फोन
Samsung, Vivo, POCO और OnePlus ने अलग-अलग मॉडल की कीमतों में 1,000 रुपये से लेकर 8,000 रुपये तक का इजाफा किया है. इससे बजट और मिड-रेंज दोनों सेगमेंट के खरीदार प्रभावित होंगे.
सबसे बड़ा झटका सैसमंग के खरीदारों को लगा है. कंपनी ने Galaxy M47 5G समेत कुछ मॉडल की कीमत में 8,000 रुपये तक की बढ़ोतरी की है. यह हाल के महीनों में सैसमंग की सबसे बड़ी प्राइस हाइक मानी जा रही है.
Vivo स्मार्टफोन भी महंगे हुए
वीवो ने भी कई स्मार्टफोन महंगे कर दिए हैं. Vivo T5x और Vivo T4 Lite के अलग-अलग वेरिएंट की कीमत 2,000 से 3,000 रुपये तक बढ़ी है. इससे पहले भी इन फोनों की कीमत बढ़ाई जा चुकी थी और अब दूसरी बार दाम बढ़ाए गए हैं.
POCO की भी कीमतें बढ़ गईं
POCO ने भी अपने कई फोन की कीमतों में बदलाव किया है. POCO X8 Pro Max, POCO X8 Pro और POCO M8 5G सीरीज अब पहले से महंगी हो गई हैं. कुछ मॉडल की कीमत 1,000 रुपये बढ़ी है, जबकि कुछ में 2,000 रुपये तक का इजाफा हुआ है.
यह भी पढ़ें: वॉट्सऐप के यूजरनेम फीचर पर बवाल, देसी कंपनी नहीं देगी ये फीचर, खुद बॉस ने किया कंफर्म
OnePlus ने 5000 रुपये तक महंगे किए फोन
OnePlus ने भी हाल ही में OnePlus 15R, Nord 6 और Nord CE 6 जैसे स्मार्टफोन की कीमतें फिर बढ़ा दी हैं. कुछ वेरिएंट अब लॉन्च कीमत के मुकाबले 5,000 रुपये तक महंगे हो चुके हैं.
क्यों बढ़ रही हैं स्मार्टफोन्स की कीमतें?
आखिर कंपनियां बार-बार दाम क्यों बढ़ा रही हैं? इसकी सबसे बड़ी वजह मेमोरी चिप की कमी बताई जा रही है. AI डेटा सेंटर के तेजी से बढ़ने के कारण DRAM और NAND मेमोरी की मांग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है.
यही चिप स्मार्टफोन में भी इस्तेमाल होती है. जब इनकी कीमत बढ़ती है तो मोबाइल बनाने की लागत भी बढ़ जाती है और कंपनियां इसका बोझ ग्राहकों पर डाल रही हैं. स्मार्टफोन कंपनियों का कहना है कि चिप शॉर्टेज और सप्लाई चेन मे इश्यू होने की वजह से कीमते बढ़ रही हैं. फिलहाल आगे भी कोई राहत नहीं दिख रही है.
अगर आप नया स्मार्टफोन खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो ज्यादा इंतजार करना महंगा पड़ सकता है. पहले लॉन्च के कुछ महीने बाद फोन सस्ते हो जाते थे, लेकिन अब बाजार का ट्रेंड बदल चुका है.
कई फोन लॉन्च के बाद सस्ते होने की बजाय और महंगे हो रहे हैं. ऐसे में अगर आपके पसंद का फोन अभी अच्छी कीमत पर उपलब्ध है, तो बाद में उसके लिए आपको और ज्यादा पैसे चुकाने पड़ सकते हैं.