चीनी स्मार्टफोन मेकर Poco ने अपने POCO X8s स्मार्टफोन को चुनिंदा ग्लोबल मार्केट में लॉन्च कर दिया है. इस फोन में 6.35 इंच की स्क्रीन, Snapdragon 7 Gen 4 प्रोसेसर और 6,330mAh की बैटरी दी गई है. इसके साथ 100W फास्ट चार्जिंग भी मिलती है.
फोन की एक और खास बात इसकी स्क्रीन है. आजकल कई स्मार्टफोन 6.7 इंच या उससे बड़ी स्क्रीन के साथ आते हैं, लेकिन POCO X8s को छोटे आकार में पेश किया गया है.
छोटी 6.35 इंच की स्क्रीन, लेकिन फीचर्स दमदार
POCO X8s में 6.35 इंच की 1.5K OLED स्क्रीन दी गई है. इसका रिफ्रेश रेट 120Hz तक है, जिससे स्क्रीन पर स्क्रॉल करना और सपोर्टेड गेम खेलना ज्यादा स्मूद महसूस हो सकता है. कंपनी की लिस्टिंग के मुताबिक, स्क्रीन की पीक ब्राइटनेस 3,500 निट्स तक है.
छोटी स्क्रीन का फायदा यह है कि फोन को पकड़ना और एक हाथ से इस्तेमाल करना बड़े फोन के मुकाबले आसान हो सकता है. लेकिन अगर आप मोबाइल पर बहुत ज्यादा वीडियो देखते हैं या बड़ी स्क्रीन पर गेम खेलना पसंद करते हैं, तो आपको इसका आकार छोटा भी लग सकता है.
Snapdragon 7 Gen 4 प्रोसेसर और Android 16
फोन में Qualcomm का Snapdragon 7 Gen 4 प्रोसेसर दिया गया है. यह 4nm आर्किटेक्चर पर बना चिपसेट है. POCO X8s में 8GB और 12GB रैम के ऑप्शन मिलते हैं, जबकि स्टोरेज 256GB से शुरू होकर 512GB तक जाती है.
यह फोन Android 16 पर बेस्ड Xiaomi के HyperOS 3 के साथ आता है. प्रोसेसर और रैम का यह मेल रोजमर्रा के इस्तेमाल, कई ऐप चलाने और गेमिंग के लिए अच्छा ऑप्शन हो सकता है.
6,330mAh बैटरी के साथ 100W चार्जिंग
POCO X8s में 6,330mAh की बैटरी दी गई है. इसकी कैपेसिटी कई नॉर्मल स्मार्टफोन की बैटरी से ज्यादा है. ऐसे में ज्यादा समय तक फोन इस्तेमाल करने वालों को इसका फायदा मिल सकता है. इसके साथ 100W वायर्ड फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट भी मिलता है.
फोन में 22.5W रिवर्स वायर्ड चार्जिंग का सपोर्ट भी बताया गया है. इसका मतलब है कि सही केबल और सपोर्ट के साथ फोन से किसी दूसरे डिवाइस को भी चार्ज किया जा सकता है.
कैमरे में क्या मिलेगा?
POCO X8s में 50 मेगापिक्सल का मुख्य रियर कैमरा दिया गया है. इसके साथ 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड कैमरा भी बताया गया है. अल्ट्रा-वाइड कैमरे से एक ही फ्रेम में ज्यादा हिस्सा कैद किया जा सकता है, जो लैंडस्केप और ग्रुप फोटो के लिए उपयोगी है. सामने की तरफ 32 मेगापिक्सल का कैमरा मिलता है, जिससे सेल्फी और वीडियो कॉल की जा सकती है.
POCO X8s को IP68 रेटिंग मिली है. इसका मतलब है कि फोन को धूल और पानी से बचाव के लिए तय मानकों पर टेस्ट किया गया है. फिर भी इसका यह मतलब नहीं है कि फोन हर परिस्थिति में पानी से खराब नहीं होगा. समय के साथ सील कमजोर हो सकती है और पानी से हुए नुकसान पर वारंटी की शर्तें अलग हो सकती हैं.
POCO X8s की कीमत कितनी है?
POCO X8s को फिलहाल वियतनाम में पेश किया गया है. वहां इसके 8GB रैम और 256GB स्टोरेज वाले मॉडल की कीमत करीब 42,000 रुपये और 12GB रैम व 512GB स्टोरेज वाले मॉडल की कीमत लगभग 51,000 रुपये के बराबर है. शुरुआती ऑफर और वाउचर के साथ इनकी इफेक्टिव कीमत क्रमशः करीब 30,000 रुपये और 37,000 रुपये बताई गई है. भारत में ये फोन फिलहाल नहीं लॉन्च हुआ है.