हममें से ज्यादातर लोग फोन पर आई मिस्ड कॉल देखकर या तो वापस कॉल कर देते हैं या उसे नजरअंदाज कर देते हैं. लेकिन भारतीय मूल के एक इंजीनियर ने इसी छोटी सी चीज में ऐसा बिजनेस आइडिया देखा, जिसने उन्हें अरबों रुपये की कंपनी का मालिक बना दिया.
अमेरिका के MIT से पढ़ाई करने वाले अपूर्व श्रीवास्तव ने मिस्ड कॉल की प्रॉब्लम सॉल्व करने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस इस्तेमाल किया. आज उनकी कंपनी Avoca की वैल्यू करीब 1 अरब डॉलर यानी लगभग 8,300 करोड़ रुपये पहुंच चुकी है.
यह भी पढ़ें: अनलिमिटेड कॉलिंग और डेटा वाला सबसे सस्ता एयरटेल रिचार्ज
अपूर्व श्रीवास्तव का बचपन अमेरिका के मिशिगन में बीता, जहां उनके माता-पिता छोटा कारोबार चलाते थे. स्कूल के दिनों में वह अक्सर दुकान पर ग्राहकों की कॉल उठाने में मदद करते थे.
इसी दौरान उन्होंने एक बात पर ध्यान दिया. जब भी किसी कस्टमर की कॉल मिस हो जाती थी, वह दोबारा फोन करने के बजाय किसी दूसरी दुकान से कॉन्टैक्ट कर लेता था. यानी एक मिस्ड कॉल सीधे बिजनेस का नुकसान बन जाती थी. यही एक्सपीरिएंस बाद में उनकी सबसे बड़ी पावर बनी.
बाद में अपूर्व ने अमेरिका के मैसाचुसेट्स इंस्टिट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई की. साल 2022 में उन्होंने अपने साथी टायसन चेन के साथ Avoca नाम की AI स्टार्टअप शुरू की.
यह भी पढ़ें: OnePlus मुश्किल में! नॉर्थ अमेरिका और यूरोप से समेटा बिजनेस, भारतीय मार्केट से भी होगा एग्जिट?
दिलचस्प बात यह है कि टायसन ने भी बचपन में अपनी मां के क्लिनिक में यही समस्या देखी थी. दोनों ने तय किया कि ऐसी तकनीक बनाई जाए जो किसी भी कस्टमर की कॉल मिस न होने दे.
शुरुआत में दोनों ने रेस्टोरेंट के लिए AI कॉल रिसेप्शन सिस्टम बनाया. लेकिन बाद में उन्हें समझ आया कि होम सर्विस सेक्टर में इसकी जरूरत कहीं ज्यादा है. अगर किसी रेस्टोरेंट की कॉल मिस होती है तो कुछ डॉलर का ऑर्डर छूट सकता है, लेकिन अगर AC, HVAC, प्लंबिंग या इलेक्ट्रिकल सर्विस देने वाली कंपनी की कॉल मिस हो जाए तो हजारों डॉलर का काम हाथ से निकल सकता है. इसके बाद Avoca ने अपना पूरा फोकस इसी सेक्टर पर कर दिया.
यह भी पढ़ें: गूगल ने पहले ही भेज दिया था वेनेजुएला में भूकंप का अलर्ट, फोन पर आया था ये मैसेज
Avoca का AI वॉयस एजेंट किसी इंसान की तरह कस्टमर से बात करता है. अगर कंपनी का कर्मचारी फोन नहीं उठा पाता, तो AI तुरंत कॉल रिसीव कर लेता है. यह यूजर की जरूरत समझता है, अपॉइंटमेंट बुक करता है, कंपनी का कैलेंडर देखता है और जरूरत पड़ने पर पुराने कोटेशन पर फॉलो-अप भी करता है. इससे छोटे बिजसनेसमैन की एक भी जरूरी कॉल मिस नहीं होती और उनका संभावित बिजनेस बच जाता है.
कंपनी की इस सोच ने इन्वेस्टर्स का भी ध्यान खींचा. Avoca अब तक 125 मिलियन डॉलर से ज्यादा की फंडिंग जुटा चुकी है. इसमें General Catalyst, Meritech Capital, Kleiner Perkins और Y Combinator जैसे बड़े निवेशकों का पैसा लगा है. हाल की फंडिंग के बाद कंपनी की वैल्यू 1 अरब डॉलर तक पहुंच गई है और यह AI यूनिकॉर्न क्लब में शामिल हो चुकी है.