scorecardresearch
 

Asian Games: CM थलपति विजय ने एश‍ियन गेम्स के मेडल व‍िनर्स पर बरसाए लाखों, इन क्रिकेटर्स को क्या म‍िला?

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय (थलपत‍ि व‍िजय) ने चेन्नई में 'ड्रीम ओलंपिक्स' पहल लॉन्च की और एशियन गेम्स 2026 व चेस ओलंपियाड के खिलाड़ियों को सम्मानित किया. राज्य ने एशियन गेम्स के पदक विजेताओं के लिए 7.65 करोड़ रुपये के बढ़े हुए प्रोत्साहन की घोषणा की. सरकार का लक्ष्य 2028 और 2036 ओलंपिक्स में तमिलनाडु के खिलाड़ियों को मेडल दिलाना है.

Advertisement
X
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने चेन्नई में गुरुवार को आयोजित एक समारोह में क्रिकेटर वॉश‍िंगटन सुंदर को सम्मानित किया (Photo: PTI)
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने चेन्नई में गुरुवार को आयोजित एक समारोह में क्रिकेटर वॉश‍िंगटन सुंदर को सम्मानित किया (Photo: PTI)

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय (थलपत‍ि व‍िजय) ने गुरुवार को चेन्नई में 'ड्रीम ओलंपिक्स' (Dream Olympics) पहल लॉन्च की. इस मौके पर उन्होंने एशियन गेम्स 2026 और समरकंद में आयोजित 46वें चेस ओलंपियाड में पदक जीतने वाले राज्य के खिलाड़ियों को सम्मानित किया.

स्पोर्ट्स डेवलपमेंट अथॉरिटी ऑफ तमिलनाडु (SDAT) की ओर से द लीला पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में खिलाड़ियों को नकद प्रोत्साहन राशि के चेक भी दिए गए.

तमिलनाडु सरकार ने एशियन गेम्स के पदक विजेताओं के लिए कुल 7.65 करोड़ रुपये के बढ़े हुए प्रोत्साहन की घोषणा की. जिसके तहत गोल्ड मेडल जीतने वाले खिलाड़ी को 75 लाख, सिल्वर मेडलिस्ट को 50 लाख और ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाले को 30 लाख रुपये म‍िले. इससे पहले ये रकम क्रमशः 50 लाख, 30 लाख और 20 लाख रुपये थी.

सिल्वर जीतने वाली पुरुष टीम के प्रत्येक सदस्य को 15 लाख रुपये, जबकि ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली महिला टीम के प्रत्येक सदस्य को 10 लाख रुपये दिए गए. मुख्यमंत्री विजय और लोक निर्माण एवं खेल विकास मंत्री आधव अर्जुन ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया. वॉश‍िंगटन सुंदर टीम इंड‍िया की मेन्स क्रिकेट टीम के गोल्ड मेडल जीतने वाली टीम के मेंबर थे, ऐसे में उनको 75 लाख रुपए द‍िए गए. 

Advertisement
CM vijay
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय एशियन गेम्स और 46वें चेस ओलंपियाड के विजेताओं के साथ (Photo: PTI)

कमलिनी और प्रज्ञानानंद ने जताया आभार
एशियन गेम्स में भारतीय महिला क्रिकेट टीम के साथ गोल्ड जीतने वाली मदुरै की विकेटकीपर-बल्लेबाज जी कमलिनी ने कहा कि मुख्यमंत्री के समर्थन भरे शब्द उनके लिए बेहद खास थे. चेस ओलंपियाड में सिल्वर मेडल जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा रहे ग्रैंडमास्टर आर. प्रज्ञानानंद ने भी राज्य सरकार का आभार जताया. उन्होंने कहा कि SDAT के जरिए खिलाड़ियों को लगातार अच्छा समर्थन मिल रहा है. वह खुद भी सरकार की एलीट योजना का हिस्सा हैं. उन्होंने मुख्यमंत्री, खेल मंत्री और SDAT को धन्यवाद दिया.
 

CM Vijay with Joshna
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय समारोह में स्क्वैश खिलाड़ी जोशना चिनप्पा के साथ (Photo: PTI)

विथ्या रामराज ने तोड़ा 42 साल पुराना रिकॉर्ड
एथलीट विथ्या रामराज ने तीन मेडल जीतने पर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि वह अपने पदकों को कमरे में फ्रेम कराकर रखेंगी. विथ्या ने 42 साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ने का भी जिक्र किया और अपने कोच के साथ राज्य सरकार के समर्थन की तारीफ की.

पोल वॉल्ट और स्पोर्ट्स हॉस्टल पर खिलाड़ियों की राय
एशियन गेम्स में मिक्स्ड 4x400 मीटर रिले में सिल्वर और पुरुषों की 4x400 मीटर रिले में ब्रॉन्ज जीतने वाले टी.के. विशाल ने स्पोर्ट्स हॉस्टल में एयर कंडीशनिंग की योजना का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की रिकवरी के लिए यह जरूरी है. अपने हॉस्टल के दिनों को याद करते हुए उन्होंने बताया कि तब उन्हें बिना एसी के सोना पड़ता था.

Advertisement

महिलाओं की पोल वॉल्ट स्पर्धा में ब्रॉन्ज जीतने वाली बारानिका एलंगोवन ने सरकार की ओर से नए पोल उपलब्ध कराने के लिए धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा कि उन्हीं पोल की मदद से वह एशियन गेम्स में मेडल जीत सकीं.

रोइंग में ऐतिहासिक मेडल के बाद सतनाम को उम्मीद
एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों की डबल स्कल्स रोइंग स्पर्धा में भारत को ऐतिहासिक ब्रॉन्ज दिलाने वाले सतनाम सिंह ने कहा कि इस उपलब्धि से भारतीय रोइंग के लिए नई संभावनाएं खुली हैं. सतनाम और सलमान खान की जोड़ी ने नगरगावा इंटरनेशनल रेगाटा कोर्स में 6 मिनट 13.25 सेकंड का समय निकालकर मेडल जीता था.

1951 में एशियन गेम्स की शुरुआत के बाद भारत ने पहली बार पुरुषों की डबल स्कल्स स्पर्धा में पदक जीता. पंजाब के सतनाम का यह दूसरा एशियन गेम्स मेडल है. इससे पहले उन्होंने हांगझोऊ एशियन गेम्स में क्वाड्रपल स्कल्स स्पर्धा में ब्रॉन्ज जीता था.

सतनाम ने SAI मीडिया से कहा कि अब इस स्पर्धा में आगे और मेडल जीतने की उम्मीद की जा सकती है. उन्होंने बताया कि अनुभव बढ़ने के साथ खिलाड़ी का आत्मविश्वास बढ़ता है और मुकाबले का दबाव व डर कम होने लगता है.

हर जिले में स्पोर्ट्स हॉस्टल, ट्रांसजेंडर एथलीटों के लिए भी योजना
खेल मंत्री आधव अर्जुन ने कहा कि राज्य में खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि कई मौजूदा स्टेडियम पुराने हो चुके हैं और खिलाड़ियों के लिए बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ रिहैबिलिटेशन सेंटर भी बनाए जाने चाहिए. उनके मुताबिक, दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए अलग सेंटर की भी जरूरत है.

Advertisement

अर्जुन ने कहा कि सरकार ने खेल बजट बढ़ाया है. सभी 38 जिलों में स्पोर्ट्स हॉस्टल बनाने और ट्रांसजेंडर खिलाड़ियों के लिए खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने की योजना है. सरकार का लक्ष्य 2028 के लॉस एंजिलिस ओलंपिक्स और 2036 ओलंपिक्स में तमिलनाडु के खिलाड़ियों को मेडल दिलाना है.

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement