आज के दौर में फैशन सिर्फ अच्छे दिखने या नए ट्रेंड अपनाने तक सीमित नहीं रह गया है. अब जेन जी अपने कपड़ों के जरिए अपनी पसंद, सोच और पहचान भी जाहिर कर रहे हैं. इसी बदलाव के बीच जेंडर न्यूट्रल फैशन तेजी से चर्चा में आ रहा है. इसमें कपड़ों को लड़कों या लड़कियों के हिसाब से बांटने के बजाय हर किसी को अपनी पसंद के कपड़े पहनने की आजादी दी जाती है.
क्या है जेंडर न्यूट्रल फैशन?
जेंडर न्यूट्रल फैशन का मतलब ऐसे कपड़ों से है, जिन्हें कोई भी पहन सकता है. इसमें ओवरसाइज टी-शर्ट, बैगी जींस, हुडीज, ब्लेजर, शर्ट और स्नीकर्स जैसे आउटफिट शामिल हैं. इन कपड़ों को किसी एक जेंडर से जोड़कर नहीं देखा जाता. इसका मकसद फैशन को ज्यादा खुला और सबके लिए आसान बनाना है.
जेन जी को क्यों पसंद आ रहा है यह ट्रेंड?
यंग इंडियंस, खासकर जेन जी, फैशन को अपनी पर्सनैलिटी दिखाने का तरीका मानते हैं. उनके लिए ये जरूरी नहीं कि लड़कों को सिर्फ डार्क रंग पहनने चाहिए या लड़कियों को केवल पिंक और फ्लोरल कपड़े ही पसंद करने चाहिए. वे अपनी पसंद के हिसाब से कपड़े चुनना चाहते हैं. यही वजह है कि जेंडर न्यूट्रल फैशन उन्हें आकर्षित कर रहा है.
सोशल मीडिया ने भी बढ़ाया क्रेज
इंस्टाग्राम और पिंटरेस्ट जैसे प्लेटफॉर्म पर जेंडर न्यूट्रल आउटफिट्स से जुड़े कई फैशन आइडियाज देखने को मिलते हैं. कई जेन जी इन्फ्लुएंसर्स भी बिना किसी जेंडर लेबल के अलग-अलग स्टाइल अपनाते नजर आते हैं. इससे युवाओं को नए यूज करने और अपनी पसंद का फैशन चुनने की इंस्पिरेशन मिलती है.
यह भी पढ़ें: Gen Z affordable beauty products: 5 किफायती ब्यूटी प्रोडक्ट्स, जिनके बारे में Gen Z को जरूर पता होना चाहिए
बदल रही है फैशन की सोच
अब फैशन सिर्फ मेन और वुमन के अलग-अलग सेक्शन तक सीमित नहीं रहना चाहता. कई ब्रांड भी ऐसे कलेक्शन पेश कर रहे हैं, जिन्हें हर कोई पहन सकता है. हालांकि, ये ट्रेंड सिर्फ कपड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि ये अपनी पसंद और पहचान को बिना किसी दबाव के अपनाने की सोच को भी दिखाता है.
जेंडर न्यूट्रल फैशन का सबसे बड़ा मैसेज यही है कि कपड़ों का कोई जेंडर नहीं होता. आप क्या पहनना चाहते हैं, ये फैसला पूरी तरह आपका होना चाहिए.