scorecardresearch
 

पीवी सिंधु का कमाल! पहली बार जापान ओपन के फाइनल में एंट्री, ओलंपिक चैम्पियन चेन युफेई को हराया

दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु आखिरकार शानदार फॉर्म में वापस आ गई हैं. दो सालों में पहली बार सिंधु किसी बीडब्ल्यूएफ टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची हैं. सिंधु ने सेमीफाइनल में चीनी खिलाड़ी को हराकर बड़ा उलटफेर किया.

Advertisement
X
पीवी सिंधु ने दिखाई तूफानी फॉर्म, खिताबी जीत से एक कदम दूर (Photo: PTI)
पीवी सिंधु ने दिखाई तूफानी फॉर्म, खिताबी जीत से एक कदम दूर (Photo: PTI)

भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु का जापान ओपन सुपर 750 टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन जारी है. 18 जुलाई (शनिवार) को विमेंस सिंगल्स के सेमीफाइनल में सिंधु ने चीन की चेन युफेई को 21-19, 15-10 से हराया. ओलंपिक चैम्पियन युफेई हैमस्ट्रिंग चोट के कारण यह मुकाबला पूरा नहीं कर सकीं और उन्हें कोर्ट छोड़ना पड़ा. इस जीत के साथ सिंधु ने चेन युफेई के खिलाफ लगातार पांच हार का सिलसिला भी खत्म कर दिया. अब फाइनल में उनका सामना जापान की अकाने यामागुची से होगा.

पीवी सिंधु ने अपने करियर में पहली बार जापान ओपन के फाइनल में जगह बनाई है. इससे पहले वह इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के फाइनल तक कभी नहीं पहुंच सकी थीं. पीवी सिंधु का पिछला टूर फाइनल 2024 के सैयद मोदी इंटरनेशनल में था, जहां उन्होंने खिताब अपने नाम किया था.

मुकाबले की शुरुआत पीवी सिंधु के लिए आसान नहीं रही. चेन युफेई ने शुरुआती बढ़त बना ली थी, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने शानदार वापसी करते हुए लगातार चार अंक जीते और स्कोर 10-5 कर दिया. ब्रेक तक सिंधु बढ़त बनाए रखने में सफल रहीं. ब्रेक के बाद युफेई ने वापसी की कोशिश की और दोनों खिलाड़ियों के बीच लंबी एवं रोमांचक रैलियां देखने को मिलीं. एक समय स्कोर 19-19 की बराबरी पर पहुंच गया. लेकिन दबाव के क्षणों में सिंधु ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए लगातार दो अंक लेकर पहला गेम 21-19 से अपने नाम कर लिया.

Advertisement

दूसरे गेम में भी पीवी सिंधु ने आक्रामक शुरुआत की और 11-7 की बढ़त के साथ ब्रेक में गईं. इसके बाद भी उन्होंने अपनी लय बरकरार रखी. दूसरी ओर, चेन युफेई हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझती नजर आईं. आखिरकार 15-10 के स्कोर पर उन्होंने मैच छोड़ने का फैसला किया और सिंधु फाइनल में पहुंच गईं.

जापान ओपन में पीवी सिंधु का प्रदर्शन लगातार शानदार रहा है. क्वार्टर फाइनल में उन्हें वॉकओवर मिला था, जिससे उन्हें आराम करने का मौका मिला. वहीं इससे पहले उन्होंने दुनिया की पांचवें नंबर की खिलाड़ी हान यूए को हराकर बड़ा उलटफेर किया था. अब उनकी नजरें लंबे समय बाद किसी बड़े BWF टूर खिताब पर होगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement