महान फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेसी एक बार फिर सुर्खियों में हैं. लेकिन इस बार वजह उनका खेल नहीं, बल्कि भावुक पल है. 1 अप्रैल (बुधवार) को ब्यूनस आयर्स के ला बॉम्बोनेरा स्टेडियम में जाम्बिया के खिलाफ फ्रेंडली मुकाबले के दौरान मेसी भावुक बेहद भावुक नजर आए. स्टेडियम में मौजूद हजारों फैन्स ने अपने कप्तान के लिए ऐसा माहौल बनाया कि मेसी खुद को रोक नहीं सके और उनकी आंखों से आंसू निकल पड़े.
यह भी पढ़ें: ढाई साल की जंग खत्म: इराक ने झटका आखिरी टिकट, वर्ल्ड कप की 48 टीमें फिक्स
यह मुकाबला अर्जेंटीना की धरती पर लियोनेल मेसी का आखिरी मैच माना जा रहा है, इसलिए यह पल और भी खास बन गया. हालांकि मैदान पर मेसी ने अपनी क्लास दिखाने में कोई कसर नहीं छोड़ी. उन्होंने एक गोल किया और एक असिस्ट भी दिया, जिससे अर्जेंटीना ने जाम्बिया को 5-0 से करारी शिकस्त दी.
लियोनेल मेसी ने चौथे मिनट में जूलियन अल्वारेज को गोल करने में मदद की, जबकि 43वें मिनट में खुद भी गोल दागकर फैन्स को झूमने पर मजबूर कर दिया. इसके अलावा वैलेंटीन बारको और निकोलस ओटामेंडी ने भी अर्जेंटीना के लिए गोल किए. मैच के दौरान फैन्स ने खड़े होकर मेसी का स्वागत किया और उन्हें स्टैंडिंग ओवेशन दिया. पूरे स्टेडियम में मेसी के नाम के नारे गूंजते रहे.
फीफा वर्ल्ड कप के लिए तैयार अर्जेंटीना
अब अर्जेंटीना की नजर आने वाले फीफा वर्ल्ड कप पर है, जो 11 जून से अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में शुरू होगा. टीम के कोच लियोनेल स्कालोनी पहले ही संकेत दे चुके हैं कि अंतिम 26 खिलाड़ियों की टीम चुनने में कड़े फैसले लिए जाएंगे. विश्व कप से पहले अपने आखिरी घरेलू मैच के लिए लियोनेल स्कालोनी ने लगभग वही टीम उतारी जिसने 2022 के फाइनल में फ्रांस को हराया था. हालांकि मिडफील्डर रोड्रिगो डी पॉल की अनुपस्थिति सुर्खियों में रही, जो मांसपेशियों की चोट से उबर रहे हैं.
अर्जेंटीना ने 1978, 1986 और 2022 में फीफा वर्ल्ड कप अपने नाम किया. आगामी फीफा वर्ल्ड कप में अर्जेंटीना अपना अभियान 16 जून को अल्जीरिया के खिलाफ मुकाबले से शुरू करेगा. इसके बाद लियोनेल मेसी की टीम 22 जून को ऑस्ट्रिया और 27 जून को जॉर्डन का सामना करेगी.