स्पेन के खिलाफ फीफा वर्ल्ड कप 2026 के खिताबी मुकाबले से पहले अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी ने पूरी टीम के नाम एक भावुक संदेश साझा किया है. अपने सोशल मीडिया पोस्ट में मेसी ने ट्रॉफियों से ज्यादा उस सफर और रिश्तों को अहम बताया, जो उन्होंने राष्ट्रीय टीम के साथ बिताए हैं.
लियोनेल मेसी ने लिखा, 'इन वर्षों की सबसे खूबसूरत बात सिर्फ खिताब नहीं रहे, बल्कि यह पूरा सफर रहा है. इस टीम के साथ हर दिन बिताना, साथ मिलकर संघर्ष करना, मुश्किल समय में एक-दूसरे का साथ देना और हर पल का आनंद लेना सबसे खास रहा.'
लियोनेल मेसी ने कोचिंग स्टाफ और पर्दे के पीछे काम करने वाले सभी लोगों का भी आभार जताया. मेसी के मुताबिक पूरी टीम एक परिवार की तरह है और यही एकजुटता अर्जेंटीना की लगातार सफलता की सबसे बड़ी वजह रही है.
उन्होंने आगे लिखा, 'मेरे सभी साथियों, कोचिंग स्टाफ और उन सभी लोगों का धन्यवाद, जो हर दिन इस राष्ट्रीय टीम को एक परिवार बनाए रखने के लिए काम करते हैं.'
फाइनल से पहले लियोनेल मेसी ने जीत-हार से ऊपर उठकर टीम के सफर की बात की. मेसी के अनुसार परिणाम चाहे जो भी हो, यह टीम पहले ही इतिहास रच चुकी है. मेसी ने अपने संदेश में लिखा, 'कल जो भी हो, इस टीम ने ऐसी कहानी लिख दी है जिसे हम कभी नहीं भूलेंगे और जिसे कोई मिटा नहीं सकेगा.'
लियोनेल मेसी का यह संदेश सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. दुनियाभर के फैन्स ने उन्हें शुभकामनाएं दीं और कई लोगों ने इसे उनके अंतरराष्ट्रीय करियर से संभावित विदाई का संकेत भी माना. मेसी की पत्नी एंटोनेला रोकुजो भी इस पोस्ट को पढ़कर भावुक हो गईं और उन्होंने इमोजी के जरिए अपनी भावनाएं जाहिर कीं.
अगर अर्जेंटीना स्पेन को हराकर वर्ल्ड कप जीतने में सफल रहता है, तो यह मेसी के अंतरराष्ट्रीय करियर का यादगार और ऐतिहासिक विदाई पल भी बन सकता है.