scorecardresearch
 

FIFA World Cup 2026: लियोनेल मेसी की तूफानी फॉर्म जारी... वर्ल्ड चैम्पियन अर्जेंटीना ने जॉर्डन को चटाई धूल, अब केप वर्डे से भिड़ंत

जॉर्डन के खिलाफ जीत ने साबित कर दिया कि अर्जेंटीना की टीम अब सिर्फ लियोनेल मेसी पर निर्भर नहीं है. जियोवानी लो सेल्सो और लौटारो मार्टिनेज जैसे खिलाड़ी भी बड़े मौकों पर जिम्मेदारी निभा रहे हैं, जो विरोधी टीमों के लिए खतरे की घंटी है.

Advertisement
X
लियोनेल मेसी का शानदार प्रदर्शन जारी है... (Photo: Reuters)
लियोनेल मेसी का शानदार प्रदर्शन जारी है... (Photo: Reuters)

डिफेंडिंग चैम्पियन अर्जेंटीना ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अपना विजयी अभियान जारी रखते हुए ग्रुप-J के आखिरी मुकाबले में जॉर्डन को 3-1 से हरा दिया. लगातार तीसरी जीत के साथ अर्जेंटीना ने ग्रुप स्टेज का समापन शानदार अंदाज में किया. 28 जून (रविवार) को आर्लिंग्टन के डलास स्टेडियम में हुए इस मैच में महान फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने गोल दागकर सुर्खियां बटोरीं, लेकिन इस बार चर्चा में जियोवानी लो सेल्सो भी रहे, जिन्होंने इस मैच में अर्जेंटीना का खाता खोला.

वर्ल्ड कप 2026 में अर्जेंटीना के शुरुआती पांचों गोल अकेले लियोनेल मेसी ने किए थे. ऐसे में जॉर्डन के खिलाफ मुकाबले में सभी की नजरें इस बात पर थीं कि क्या कोई और खिलाड़ी भी स्कोरशीट पर अपना नाम दर्ज करा पाएगा. 19वें मिनट में जियोवानी लो सेल्सो ने शानदार फ्री-किक को सीधे गोल में बदलकर यह इंतजार खत्म कर दिया. लो सेल्सो ने बेहतरीन तकनीक का प्रदर्शन करते हुए गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाया और अर्जेंटीना को शुरुआती बढ़त दिलाई.

जियोवानी लो सेल्सो के गोल के बाद अर्जेंटीना का दबदबा बढ़ता गया. 31वें मिनट में स्ट्राइकर लौटारो मार्टिनेज ने पेनल्टी पर गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया. दिलचस्प बात यह रही कि पेनल्टी मिलने से पहले उनका शॉट क्रॉसबार से टकराकर वापस आया था. अर्जेंटीना पहले ही नॉकआउट स्टेज में पहुंच चुका था, ऐसे में कोच ने लियोनेल मेसी को स्टार्टिंग इलेवन में शामिल नहीं किया था. लेकिन दूसरे हाफ में जैसे ही मेसी पिच पर आए, स्टेडियम का माहौल बदल गया.

Advertisement

अपने 39वें जन्मदिन के तीन दिन बाद मैदान पर उतरे लियोनेल मेसी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उम्र उनके खेल पर कोई असर नहीं डाल रही. 60वें मिनट में सब्स्टीट्यूट के तौर पर आए मेसी ने 80वें मिनट में गोल दागकर अर्जेंटीना की जीत पर मुहर लगा दी. यह वर्ल्ड कप इतिहास में उनका 19वां गोल था, जिससे उन्होंने अपना रिकॉर्ड और मजबूत कर लिया.

लियोनेल मेसी ने रचा इतिहास
इतना ही नहीं, लियोनेल मेसी लगातार सात वर्ल्ड कप मैचों में गोल करने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी भी बन गए. उन्होंने फ्रांस के जस्ट फॉन्टेन और ब्राजील के महान जैरजिन्हो को पीछे छोड़ दिया. इस वर्ल्ड कप में मेसी अब तक 6 गोल कर चुके हैं और गोल्डन बूट की दौड़ में सबसे आगे चल रहे हैं. अल्जीरिया के खिलाफ हैट्रिक और ऑस्ट्रिया के खिलाफ दो गोल दागने के बाद जॉर्डन के खिलाफ भी वो छा गए.

ग्रुप स्टेज में तीनों मुकाबले जीतने के बाद अर्जेंटीना अब राउंड ऑफ 32 में केप वर्डे से भिड़ेगा. यह मुकाबला मियामी में खेला जाएगा, जो लियोनेल मेसी के क्लब इंटर मियामी का घरेलू मैदान भी है. केप वर्डे वर्ल्ड कप नॉकआउट में पहुंचने वाला सबसे छोटा देश है, लेकिन अर्जेंटीना उसे हल्के में लेने की गलती नहीं करेगा.

Advertisement

अर्जेंटीना ने अपने पिछले 9 वर्ल्ड कप मुकाबलों में 7 जीत और 2 ड्रॉ दर्ज किए हैं. टीम का संतुलन, लियोनेल मेसी की फॉर्म और युवा खिलाड़ियों का योगदान उसे एक बार फिर खिताब का सबसे मजबूत दावेदार बना रहा है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement