scorecardresearch
 

'मैं उसकी गर्दन पकड़े हुए था...', 15वीं मंजिल से उल्टा लटकाए गए थे युजवेंद्र चहल, सालों बाद खोला खौफनाक राज

भारतीय टीम में युजवेंद्र चहल की वापसी लंबे समय से नहीं हुई है. उन्होंने आखिरी बार 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ इंटरनेशनल मुकाबला खेला था. युजी चहल फर्स्ट श्रेणी क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, लेकिन वनडे और टी20 इंटरनेशनल में भारतीय टीम की ओर से दोबारा खेलने की उम्मीद बनाए हुए हैं.

Advertisement
X
युजवेंद्र चहल ने खौफनाक वाकये को किया याद. (Photo: Yuzvendra Chahal/Instagram)
युजवेंद्र चहल ने खौफनाक वाकये को किया याद. (Photo: Yuzvendra Chahal/Instagram)

टीम इंडिया के लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल ने अपने करियर के शुरुआती दिनों की एक ऐसी घटना का खुलासा किया है, जिसने उनकी जान जोखिम में डाल दी थी. IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) 2013 के दौरान बेंगलुरु में एक पार्टी के बीच नशे में धुत ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ने उन्हें होटल की 15वीं मंजिल की बालकनी से उल्टा लटका दिया था. चहल ने बताया कि उस पल वह बुरी तरह डर गए थे और बचने के लिए खिलाड़ी की गर्दन पकड़े हुए थे.

पूर्व भारतीय ओपनर आकाश चोपड़ा के पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान युजवेंद्र चहल ने इस घटना की पूरी कहानी सुनाई. उन्होंने यह भी साफ किया कि इस मामले में पहले जिन दो क्रिकेटरों के नाम सामने आए थे, उनमें से कोई भी इसमें शामिल नहीं था. चहल ने बताया कि उस समय वह मुंबई इंडियंस (MI) की ओर से खेल रहे थे. बेंगलुरु में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की तरफ से आयोजित एक पार्टी में वह भी पहुंचे थे. वहां एक ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर काफी नशे में था. चहल के मुताबिक, वह खिलाड़ी शारीरिक रूप से बेहद मजबूत था और उसने अचानक उन्हें उठाकर बालकनी से नीचे लटका दिया.
यह भी पढ़ें: 19 चौके, 8 छक्के और 173 रन... सहवाग के बेटे आर्यवीर ने बल्ले से उड़ाया गर्दा, विपक्षी गेंदबाज चारों खाने चित

युजवेंद्र चहल ने कहा, 'वह खिलाड़ी ऑस्ट्रेलिया का था. लेकिन वो ना तो एंड्रयू साइमंड्स थे और ना ही जेम्स फ्रैंकलिन. वह कोई दूसरा खिलाड़ी था. उसने मुझे अपने पास बुलाया और फिर हवा में उठा लिया. पहले मुझे लगा कि वह मजाक कर रहा है, लेकिन इसके बाद उसने मुझे बालकनी से लटका दिया. मैं बस उसकी गर्दन पकड़े हुए था.' उन्होंने आगे बताया कि कमरे में मौजूद लोग यह देखकर घबरा गए. सभी ने तुरंत हस्तक्षेप किया और उन्हें वापस ऊपर खींच लिया.
यह भी पढ़ें: 4 साल बाद टीम इंडिया में भुवनेश्वर कुमार की वापसी! अर्शदीप चोटिल, बेंगलुरु T20 से पहले बड़ा बदलाव

Advertisement

युजवेंद्र चहल कहते हैं, 'मैं बहुत डर गया था. वह बुरी तरह नशे में था और कमरे में मौजूद सभी लोग सन्न रह गए थे. अचानक सब लोग आए और मुझे ऊपर खींच लिया. वह खिलाड़ी हंस रहा था, लेकिन मेरे लिए ऐसा था जैसे मुझे दूसरी जिंदगी मिल गई हो. मुझे लगता है कि यह घटना होटल की 15वीं या 16वीं मंजिल पर हुई थी.'

किसने किया था चहल के साथ ऐसा मजाक?
युजवेंद्र चहल ने स्वीकार किया कि वह उस समय काफी युवा थे और उन्हें समझ नहीं आया कि इस घटना की औपचारिक शिकायत कैसे दर्ज कराई जाए. बाद में उन्होंने इस मामले को पीछे छोड़ते हुए अपने क्रिकेट करियर पर ध्यान देना बेहतर समझा. इस घटना का जिक्र चहल ने पहली बार 2022 में किया था. उस समय कई रिपोर्टों में एंड्रयू साइमंड्स का नाम सामने आया था, लेकिन अब चहल ने स्पष्ट कर दिया है कि साइमंड्स और जेम्स फ्रैंकलिन दोनों इस घटना में शामिल नहीं थे. हालांकि, उन्होंने उस ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर का नाम नहीं बताया.

युजवेंद्र चहल ने 2013 में मुंबई इंडियंस के साथ आईपीएल करियर शुरू किया था. बाद में वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के प्रमुख गेंदबाज बने और टीम के लिए आठ सीजन खेले. वह आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं. उनके नाम पर 188 मैचों में 233 विकेट दर्ज हैं. आईपीएल 2026 में उन्होंने पंजाब किंग्स (PBKS) की ओर से 14 मुकाबले खेलकर कुल 12 विकेट हासिल किए.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement