आईपीएल 2026 में सोमवार को राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबला खेला गया. इस मैच में राजस्थान रॉयल्स ने 8 विकेट से जीत हासिल की. ये मैच राजस्थान के लिए कई मायनो में खास रहा क्योंकि एक बार फिर वैभव का तूफान दिखा और उन्होंने 15 गेंदों में ही फिफ्टी लगा दी. लेकिन एक और प्लेयर ने इस मैच में अपना जलवा दिखाया और उसका नाम है बृजेश शर्मा.
बृजेश शर्मा ने आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए इस मैच में डेब्यू किया. गुवाहाटी में राजस्थान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था. जम्मू-कश्मीर के उधमपुर से आने वाले 27 वर्षीय बृजेश शर्मा ने कप्तान रियान पराग के इस फैसले को सही साबित किया और घातक गेंदबाजी की.
इस मुकाबले में बृजेश शर्मा ने 3 ओवर में केवल 17 रन खर्च किए और 1 विकेट भी झटका. उनकी लाइन लेंथ और सधी हुई गेंदबाजी ने सभी को चौंकाया.
कौन हैं बृजेश शर्मा
बृजेश एक अनकैप्ड राइट-आर्म पेसर हैं. उन्हें आईपीएल 2026 ऑक्शन में राजस्थान रॉयल्स ने उनके बेस प्राइस 30 लाख रुपये में खरीदा था. बता दें कि चयन के समय तक बृजेश शर्मा ने प्रोफेशनल क्रिकेट भी नहीं खेली थी. ऐसे में राजस्थान का उन पर दांव लगाना उनकी क्षमता पर भरोसे को दिखाता है. हालांकि, 2025 की Bengal Pro T20 League में उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया था. Malda Smashers की ओर से खेलते हुए बृजेश ने सात मैचों में 11 विकेट लिए और टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में शामिल रहे.
यह भी पढ़ें: CSK vs RR: 10 मिनट में 6 रन बनाकर बोल्ड हो गए संजू सैमसन, चेन्नई के लिए डेब्यू मैच में नहीं चला बल्ला
बेहतर मौके की तलाश में वह बंगाल चले गए और फिलहाल Bengal Cricket Association का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं.
कैसा रही है बृजेश की क्रिकेट जर्नी
बृजेश का सफर आसान नहीं रहा. वह पहले जम्मू की स्टेट टीम का हिस्सा थे, लेकिन बाद में उन्हें बाहर कर दिया गया था. इसके बाद उन्होंने दोबारा खुद को साबित करने के लिए कड़ी मेहनत की. दिल्ली के यूनिक स्पोर्ट्स क्लब में कोच Deepak Punia के मार्गदर्शन में ट्रेनिंग ने उनके करियर को नई दिशा दी. इससे उन्हें अनुशासन और बड़े स्तर की क्रिकेट की जरूरतों को समझने में मदद मिली.
यह भी पढ़ें: RR vs CSK, IPL 2026 Highlights: राजस्थान रॉयल्स ने CSK को 8 विकेट से रौंदा, वैभव सूर्यवंशी ने जड़ी तूफानी फिफ्टी
पिता करते हैं मजदूरी
बृजेश एक साधारण परिवार से आते हैं. उनके पिता मजदूरी करते हैं और उनके संघर्ष के दिनों में परिवार और दोस्तों ने उनका साथ दिया. बृजेश ने ANI से कहा, “मेरे सफर में काफी उतार-चढ़ाव रहे. मैंने अनुशासन और ऊंचे स्तर पर क्रिकेट खेलने के लिए जरूरी चीजों के बारे में बहुत कुछ सीखा. मेरे पिता की मेहनत रंग लाई. मेरे दोस्तों ने आर्थिक और भावनात्मक रूप से मेरा साथ दिया. उन्हें मुझ पर मुझसे ज्यादा भरोसा था.”
इस मुकाबले की बात करें तो सीएसके ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 127 रन बनाए थे. जिसे राजस्थान रॉयल्स की टीम ने महज 13वें ओवर में ही चेज कर लिया.