scorecardresearch
 

इंग्लैंड पर कहर बरपाने की तैयारी में विराट कोहली, संजय बांगड़ संग ट्रेनिंग का VIDEO वायरल

वनडे वर्ल्ड कप 2027 की तैयारियों के मद्देनजर भारत-इंग्लैंड सीरीज अहम मानी जा रही है. भारतीय टीम मैनेजमेंट भी चाहेगा कि विराट अपनी पुरानी फॉर्म कोे बरकरार रखें और इस सीरीज में बड़ी पारियां खेलें.

Advertisement
X
विराट कोहली इंग्लैंड सीरीज के लिए तैयारी में जुटे. (Photo: Getty Images)
विराट कोहली इंग्लैंड सीरीज के लिए तैयारी में जुटे. (Photo: Getty Images)

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी का इंतजार अब समाप्त होने की ओर है. इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए किंग कोहली ने प्रैक्टिस शुरू कर दी है. उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाजी कोच संजय बांगड़ के साथ नेट्स में जमकर पसीना बहाते नजर आ रहे हैं.

हालांकि विराट कोहली की वापसी अभी फिटनेस क्लीयरेंस पर निर्भर है, लेकिन उनकी तैयारियों को देखकर साफ है कि वह इंग्लैंड के खिलाफ धमाकेदार वापसी के लिए कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते. कोहली कंधे पर किट बैग लटकाए ट्रेनिंग ग्राउंड पहुंचते हैं, जहां उनकी मुलाकात संजय बांगड़ से होती है.

इसके बाद दोनों मैदान के बीच काफी देर तक बातचीत करते हैं. संजय बांगड़ उन्हें बल्लेबाजी के कुछ तकनीकी पहलुओं पर समझाते नजर आते हैं और फिर विराट लंबा नेट सेशन करते हैं. विराट ने लंदन रवाना होने से पहले अली बाग में बांगड़ के साथ ये विशेष ट्रेनिंग की. इस दौरान उन्होंने अपनी बल्लेबाजी की तकनीक को और धारदार बनाने पर काम किया.

रोहित शर्मा पर भी निगाहें
विराट कोहली को इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है. हालांकि अंतिम फैसला उनकी फिटनेस रिपोर्ट आने के बाद ही होगा. 14 जुलाई से शुरू होने वाली इस सीरीज में रोहित शर्मा भी धूम मचाएंगे. टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से संन्यास लेने के बाद अब दोनों दिग्गज सिर्फ वनडे क्रिकेट खेल रहे हैं. ऐसे में हर मुकाबला भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के लिए खास रहने वाला है.

Advertisement

विराट कोहली के बचपन के कोच राजकुमार शर्मा भी उनकी वापसी को लेकर बेहद उत्साहित हैं. दिल्ली प्रीमियर लीग (DPL) 2026 की नीलामी के दौरान उन्होंने कहा, 'पूरा देश विराट कोहली की वापसी का इंतजार कर रहा है. मैं भी चाहता हूं कि वह जल्द मैदान पर उतरें और शानदार प्रदर्शन करें.' राजकुमार शर्मा ने यह भी बताया कि वह लॉर्ड्स में खेले जाने वाले तीसरे वनडे मुकाबले को देखने इंग्लैंड जाएंगे और उम्मीद करते हैं कि कोहली इस सीरीज में यादगार प्रदर्शन करेंगे.

फिलहाल टीम इंडिया इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में व्यस्त है, लेकिन चर्चा का सबसे बड़ा विषय विराट कोहली की वापसी बनी हुई है. संजय बांगड़ के साथ उनकी ट्रेनिंग इस बात का संकेत है कि विराट कोहली बड़े मंच पर फिर से अपना जलवा दिखाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. अगर कोहली को फिटनेस क्लीयरेंस मिल जाती है, तो इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज करोड़ों भारतीय फैन्स के लिए किसी बड़े जश्न से कम नहीं होगी.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement