scorecardresearch
 

व‍िराट कोहली खुद ही बने अपने दुश्मन! प्र‍िंस यादव को दी ऐसी सलाह और उड़ गए स्टम्प... इस VIDEO से खुला राज

लखनऊ सुपर जायंट्स ने बारिश से प्रभावित IPL 2026 मुकाबले में RCB को 9 रन (DLS) से हराकर प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखीं. मिचेल मार्श के तूफानी शतक के बाद प्रिंस यादव ने विराट कोहली को शानदार गेंद पर बोल्ड किया. खास बात ये रही कि प्रिंस ने खुलासा किया कि उन्हें यही लेंथ खुद कोहली ने सुझाई थी.

Advertisement
X
विराट की सलाह विराट पर भारी, प्रिंस यादव ने उड़ाया ऑफ स्टंप (Photo: PTI)
विराट की सलाह विराट पर भारी, प्रिंस यादव ने उड़ाया ऑफ स्टंप (Photo: PTI)

लखनऊ के इकाना स्टेडियम में गुरुवार रात IPL 2026 का मुकाबला सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि पूरा ड्रामा बन गया. बारिश, 200+ स्कोर, आखिरी ओवर का सस्पेंस और फिर विराट कोहली का ऐसा विकेट, जिसकी चर्चा लंबे समय तक होगी.

लखनऊ सुपर जायंट्स ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 9 रन से हराकर लगातार छह हार का सिलसिला खत्म किया. यही नहीं, LSG ने इकाना में आठ मैचों से चला आ रहा हार का सूखा भी समाप्त किया.

लेकिन मैच का सबसे बड़ा मोमेंट बना प्रिंस यादव का विराट कोहली को बोल्ड करना. खास बात ये रही कि मैच के बाद प्रिंस ने खुलासा किया कि जिस गेंद पर विराट आउट हुए, वैसी गेंद डालने की सलाह खुद कोहली ने ही उन्हें दी थी.

प्रिंस यादव ने कहा-  पहली गेंद पर मैंने मिसफील्ड की थी, लेकिन मुझे पता था कि फोकस नहीं खोना है. पिछले मैच के बाद विराट भैया से बात हुई थी. उन्होंने कहा था कि अगर ऑफ लेंथ पर गेंद मूव करवा रहे हो तो उसी लेंथ पर टिके रहो.

Advertisement

RCB की पारी के दूसरे ओवर की दूसरी गेंद पर प्रिंस यादव ने 140.4 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ऐसी गेंद डाली, जो ऑफ स्टंप के बाहर पड़ी और तेजी से अंदर आई. विराट डिफेंस करने गए, लेकिन गेंद सीधे ऑफ स्टंप उड़ा गई. कोहली शून्य पर आउट हुए. अप्रैल 2023 के बाद IPL में यह उनका पहला शून्य था.

प्रिंस यादव यहीं नहीं रुके. उन्होंने 3 विकेट लेकर RCB की रनचेज की कमर तोड़ दी. उन्होंने देवदत्त पडिक्कल और जितेश शर्मा को भी आउट किया. अब इस सीजन में उनके 16 विकेट हो चुके हैं और वह पर्पल कैप की रेस में शामिल हो गए हैं.

इससे पहले मिचेल मार्श ने RCB के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की. मार्श ने सिर्फ 56 गेंदों में 111 रन ठोक दिए, जिसमें 9 चौके और 9 छक्के शामिल रहे. उन्होंने IPL करियर की सबसे तेज फिफ्टी सिर्फ 20 गेंदों में पूरी की.
यह भी पढ़ें: LSG vs RCB: आखिरी ओवर में ऋषभ पंत का मास्टरस्ट्रोक, ‘महंगे’ द‍िग्वेश राठी ने 6 गेंदों में बेंगलुरु से छीन ली जीत

मार्श ने पहले अर्शिन कुलकर्णी के साथ 95 रन की ओपनिंग साझेदारी की, फिर निकोलस पूरन के साथ तेजी से रन जोड़े. आखिर में कप्तान ऋषभ पंत ने 10 गेंदों में नाबाद 32 रन बनाकर टीम को 19 ओवर में 209/3 तक पहुंचा दिया.

Advertisement

बारिश के कारण RCB को DLS नियम के तहत 213 रन का लक्ष्य मिला. शुरुआत बेहद खराब रही. मोहम्मद शमी ने पहले ही ओवर में जैकब बेथेल को आउट किया, फिर प्रिंस यादव ने विराट को चलता कर दिया. 

इसके बाद रजत पाटीदार और देवदत्त पडिक्कल ने 95 रन की साझेदारी कर मैच में RCB की वापसी कराई. पाटीदार शानदार लय में दिखे और 61 रन बनाए. लेकिन प्रिंस यादव ने पडिक्कल को आउट कर यह साझेदारी तोड़ी और उसी स्पेल में जितेश शर्मा को भी चलता किया.

104/2 से 112/5 हो गया RCB का स्कोर 
RCB एक समय 104/2 से 112/5 पर पहुंच गई. हालांकि टिम डेविड ने 17 गेंदों में 40 रन ठोककर मैच में फिर जान डाल दी. क्रुणाल पांड्या और रोमारियो शेफर्ड ने भी बड़े शॉट लगाए.

आखिरी ओवर में RCB को जीत के लिए 20 रन चाहिए थे. ऋषभ पंत के सामने फैसला मुश्किल था कि शाहबाज अहमद को गेंद दें या दिग्वेश राठी को. आखिरकार पंत ने अपने लेग स्पिनर दिग्वेश पर भरोसा जताया और उन्होंने कप्तान का भरोसा कायम रखा.

दिग्वेश राठी ने दबाव में शानदार ओवर डालते हुए LSG को रोमांचक जीत दिला दी. यह इस सीजन में पांच मैचों में लक्ष्य का पीछा करते हुए RCB की पहली हार रही, जबकि LSG ने डिफेंड करते हुए पहली जीत दर्ज की.

Advertisement

 

---- समाप्त ----
Live TV

  • प्र‍िंस यादव ने जिस गेंद पर कोहली को बोल्ड किया, क्या वो इस आईपीएल की सर्वश्रेष्ठ गेंद है?

Advertisement
Advertisement