scorecardresearch
 

खराब प्रैक्ट‍िस फैस‍िल‍िटी, फ‍िर भी बेलफास्ट में छा गए वैभव सूर्यवंशी... गौतम गंभीर ने द‍िया गुरुमंत्र

आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 से पहले टीम इंडिया को बेलफास्ट में खराब प्रैक्टिस सुविधाओं का सामना करना पड़ा, जिसे बाद में ठीक कराया गया. इस बीच 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी ने अपनी पहली सीनियर नेट प्रैक्टिस में शानदार बल्लेबाजी कर सभी का ध्यान खींचा.

Advertisement
X
खराब ट्रेनिंग फैसिलिटी के बीच भी नहीं टूटा फोकस, नेट्स में चमके वैभव सूर्यवंशी (Photo: Getty)
खराब ट्रेनिंग फैसिलिटी के बीच भी नहीं टूटा फोकस, नेट्स में चमके वैभव सूर्यवंशी (Photo: Getty)

आयरलैंड के खिलाफ पहले टी20 मुकाबले से पहले टीम इंडिया की तैयारियों की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही. बेलफास्ट पहुंचने के बाद भारतीय टीम को अभ्यास के दौरान खराब ट्रेनिंग सुविधाओं का सामना करना पड़ा. हालांकि थोड़ी ही देर में यह मुद्दा सुलझ गया और इसके बाद पूरा माहौल 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के इर्द-गिर्द घूमता नजर आया.

भारतीय टीम मैनेजमेंट उस समय नाराज दिखा, जब उसने देखा कि एक प्रैक्टिस पिच पर गेंदबाज के पीछे साइटस्क्रीन मौजूद नहीं थी. इसकी वजह से बल्लेबाजों को गेंद साफ दिखाई नहीं दे रही थी. बीसीसीआई के एक सूत्र के मुताबिक टीम के सपोर्ट स्टाफ ने तुरंत इस मामले को क्रिकेट आयरलैंड के अधिकारियों के सामने उठाया.

पीटीआई की खबर के मुताब‍िक- टीम इंडिया के ऑपरेशंस मैनेजर खुद आयरिश अधिकारियों से बात करने पहुंचे. शिकायत के बाद मेजबान बोर्ड ने तुरंत व्यवस्था में सुधार किया और कुछ ही देर में अभ्यास सत्र सामान्य तरीके से शुरू हो गया.

इसके बाद सभी की नजरें वैभव सूर्यवंशी पर टिक गईं. भारतीय सीनियर टीम के साथ अपने पहले नेट सेशन में उतरे 15 वर्षीय बाएं हाथ के बल्लेबाज ने बिल्कुल भी दबाव महसूस नहीं होने दिया. उन्होंने लंबे बल्लेबाजी सेशन के दौरान शानदार ड्राइव लगाए और अपने आक्रामक अंदाज में कई दमदार शॉट खेले.

Advertisement

आईपीएल में शानदार प्रदर्शन के बाद देश के सबसे चर्चित युवा क्रिकेटरों में शामिल हो चुके वैभव नेट्स में बेहतरीन लय में दिखाई दिए. उनकी बल्लेबाजी देखने के लिए मौजूद हर शख्स की नजर उन्हीं पर थी.

इस दौरान गौतम गंभीर भी वैभव से बात करते हुए द‍िखे.

आमतौर पर क्रिकेट के बड़े माहौल से दूर रहने वाला बेलफास्ट भी इस बार वैभव सूर्यवंशी के कारण अलग ही रंग में नजर आया. स्थानीय भारतीय समुदाय बड़ी संख्या में भारतीय टीम के अभ्यास को देखने पहुंचा. सबसे ज्यादा उत्साह वैभव की एक झलक पाने का था. फैंस उनके साथ फोटो खिंचवाने और ऑटोग्राफ लेने के लिए उत्साहित दिखे.

गार्ज‍ियन रोमी भ‍िंडर का भी द‍िखा क्रेज 
वैभव का क्रेज सिर्फ उनके आसपास ही नहीं दिखा, बल्कि उनके साथ मौजूद लोगों तक भी पहुंच गया. राजस्थान रॉयल्स द्वारा नियुक्त उनके 'गार्जियन' रोमी भिंडर के साथ भी कई फैन्स ने सेल्फी ली.

रोमी भिंडर वैभव सूर्यवंशी के माता-पिता के साथ भारतीय टीम के होटल में भी पहुंचे. आईपीएल के दौरान राजस्थान रॉयल्स ने वैभव के तेजी से उभरते करियर को देखते हुए उन्हें गार्जियन की जिम्मेदारी सौंपी थी. तब से वह लगातार युवा बल्लेबाज के साथ जुड़े हुए हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उनकी प्रगति पर नजर रख रहे हैं.

Advertisement

बेलफास्ट के सुहावने मौसम में जैसे-जैसे प्रैक्ट‍िस सेशन आगे बढ़ा, वैभव सूर्यवंशी का आत्मविश्वास भी साफ दिखाई दिया. बढ़ती लोकप्रियता और उम्मीदों के बावजूद उनके खेल में किसी तरह की घबराहट नजर नहीं आई. पहले टी20 से पहले यह नेट सेशन इस बात का संकेत जरूर दे गया कि भारतीय क्रिकेट के इस युवा सितारे पर पूरे क्रिकेट जगत की नजरें टिकी हुई हैं.

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement