scorecardresearch
 

'ऐसा आगाज...', पहली हार से टूटे अफ्रीकी कप्तान टेम्बा बावुमा, ऑस्ट्रेल‍िया से हारकर हुए दुखी

ऑस्ट्रेलिया ने डरबन टेस्ट में साउथ अफ्रीका को 214 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में बढ़त बना ली. जोश हेजलवुड ने दूसरी पारी में 49 रन देकर 6 विकेट झटके. 421 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीकी टीम 206 रन पर सिमट गई. कप्तान टेम्बा बावुमा ने हार स्वीकारते हुए ऑस्ट्रेलिया के प्रदर्शन की तारीफ की.

Advertisement
X
टेम्बा बावुमा पहली बार अपनी कप्तानी में कोई टेस्ट हारे हैं (Photo: Reuters)
टेम्बा बावुमा पहली बार अपनी कप्तानी में कोई टेस्ट हारे हैं (Photo: Reuters)

ऑस्ट्रेलिया ने डरबन के किंग्समीड में खेले गए पहले टेस्ट में साउथ अफ्रीका को 214 रन से हराकर तीन मैचों की सीरीज में बढ़त बना ली. पांचवें दिन मंगलवार को जोश हेजलवुड की घातक गेंदबाजी के सामने अफ्रीकी टीम 206 रनों पर सिमट गई. हेजलवुड ने दूसरी पारी में 49 रन देकर 6 विकेट लिए, जो उनके टेस्ट करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है.

हार के बाद साउथ अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा ने माना कि ऑस्ट्रेलिया ने ज्यादातर मुकाबले में अपना दबदबा बनाए रखा. उन्होंने कहा- आप इस तरह से शुरुआत नहीं करना चाहते. ऑस्ट्रेलिया को श्रेय देना होगा. 120 रन पर 6 विकेट गंवाने के बाद भी उन्होंने अपने अनुभव और कौशल का प्रदर्शन किया और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया.

बावुमा ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया को मैच पर हावी होने का मौका नहीं देना चाहिए. टीम को बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में उनके प्रदर्शन से सीखने की जरूरत है. उन्होंने यह भी माना कि साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज शुरुआत मिलने के बावजूद बड़ी पारियां खेलने में नाकाम रहे.

2022 में साउथ  अफ्रीका की टेस्ट टीम की कमान संभालने के बाद बावुमा ने मंगलवार की हार से पहले 13 मैचों में टीम का नेतृत्व किया था, जिसमें से 11 में जीत हासिल की थी और एक ड्रॉ रहा था. 

Advertisement

किंग्समीड में साउथ अफ्रीका के रिकॉर्ड को लेकर बावुमा ने कहा कि टीम यहां ज्यादा क्रिकेट नहीं खेलती. उनके मुताबिक, पिछला मुकाबला श्रीलंका के खिलाफ था, जिसमें साउथ अफ्रीका जीता था. इससे पहले के नतीजे अच्छे नहीं रहे, लेकिन सही आकलन के लिए यहां खेलने वाले खिलाड़ियों के रिकॉर्ड देखने होंगे. तीन टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला रविवार से गकेबरहा में खेला जाएगा.

मार्करम ने 6 घंटे तक किया संघर्ष
421 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए साउथ अफ्रीका की उम्मीदें एडेन मार्करम पर टिकी थीं. उन्होंने 237 गेंदों पर 75 रन बनाए और करीब छह घंटे तक ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों का सामना किया. हालांकि, मिचेल स्टार्क की गेंद पर विकेट के पीछे कैच आउट होने से उनकी पारी समाप्त हुई. अंपायर के नॉट आउट देने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने रिव्यू लिया और फैसला उसके पक्ष में गया.

मार्करम और वियान मुल्डर ने सोमवार को शुरू हुई साझेदारी को मंगलवार को भी करीब दो घंटे तक आगे बढ़ाया. हेजलवुड ने मुल्डर को 29 रन पर आउट कर यह साझेदारी तोड़ी. इसके बाद काइल वेरेन महज 1 रन बनाकर आउट हो गए. मैट रेनशॉ की पार्ट-टाइम स्पिन पर वेरेन ने स्टीव स्मिथ को कैच थमा दिया. यह रेनशॉ का टेस्ट करियर का दूसरा विकेट था.

Advertisement

स्मिथ सोमवार शाम बल्लेबाजी के दौरान हेलमेट पर गेंद लगने के बाद मैदान से बाहर चले गए थे. उन्होंने कन्कशन टेस्ट कराया और मेडिकल रिपोर्ट में फिट घोषित होने के बाद पांचवें दिन फील्डिंग की.

रेनशॉ का शतक, हेजलवुड की रिकॉर्ड गेंदबाजी
ऑस्ट्रेलिया की जीत में मैट रेनशॉ का अहम योगदान रहा. उन्होंने पहली पारी में 190 रन बनाए, जिससे ऑस्ट्रेलिया ने 390 रन बनाए. दूसरी पारी में टीम ने 314/6 पर पारी घोषित की, जिसमें रेनशॉ ने 82 रन का योगदान दिया. साउथ अफ्रीका ने पहली पारी में 284 रन बनाए थे. पांचवें दिन लंच तक टीम ने 32 ओवर में केवल 64 रन जोड़े. 

मार्करम ने तब तक 69 रन बना लिए थे, लेकिन नई गेंद लेने के बाद ऑस्ट्रेलिया ने तेजी से विकेट चटकाए. हेजलवुड ने मार्को जानसेन को 35 रन पर बोल्ड किया. इसके बाद साइमन हार्मर भी उसी ओवर में आउट हुए. इस विकेट के साथ हेजलवुड ने टेस्ट में अपना 15वां पांच विकेट हॉल पूरा किया. मार्करम अगले ओवर में आउट हुए और उसके बाद हेजलवुड ने छठा विकेट लेकर मैच खत्म कर दिया. रेनशॉ ने 30 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि स्टार्क और पैट कमिंस को एक-एक विकेट मिला.

मार्करम का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथी पारी में संघर्ष का पुराना रिकॉर्ड रहा है. उन्होंने 2018 में डरबन में हार के बावजूद 143 रन बनाए थे, जबकि 2025 वर्ल्ड टेस्ट चैम्प‍ियनश‍िप फाइनल में लॉर्ड्स पर 136 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत में अहम भूमिका निभाई थी. दोनों टीमों के बीच उस फाइनल के बाद यह पहला टेस्ट था.

Advertisement


 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement