scorecardresearch
 

टीम इंड‍िया के T20 कप्तान सूर्यकुमार यादव अब युगांडा के खिलाफ खेलेंगे, मुंबई में होगा मुकाबला

भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव 30 मई को ट्रायम्फ नाइट्स मुंबई नॉर्थ ईस्ट की ओर से युगांडा के खिलाफ टी20 मुकाबले में खेल सकते हैं. आईपीएल 2026 के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद यह मुकाबला उनके लिए लय हासिल करने का मौका माना जा रहा है. यह मैच T20 मुंबई लीग 2026 से पहले आयोजित किया जाएगा, जिसमें युगांडा टीम मुंबई दौरे पर चार टी20 और चार वनडे खेलेगी.

Advertisement
X
सूर्यकुमार यादव का आईपीएल सीजन में प्रदर्शन शानदार नहीं रहा रहा था (Photo: ITG)
सूर्यकुमार यादव का आईपीएल सीजन में प्रदर्शन शानदार नहीं रहा रहा था (Photo: ITG)

भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) आईपीएल 2026 के मुश्किल सीजन के बाद अब मैदान पर वापसी करते दिखाई दे सकते हैं. सूर्यकुमार यादव के 30 मई को ट्रायम्फ नाइट्स मुंबई नॉर्थ ईस्ट (TKMNE) की ओर से युगांडा क्रिकेट टीम के खिलाफ टी20 मुकाबले में खेलने की संभावना है.

यह मुकाबला मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) ग्राउंड, बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में खेला जाएगा और इसे युगांडा टीम के मुंबई दौरे का सबसे बड़ा आकर्षण माना जा रहा है.

युगांडा की टीम इन दिनों मुंबई दौरे पर है, जहां उसे चार वनडे और चार टी20 मुकाबले खेलने हैं. टी20 मुकाबलों में युगांडा टीम का सामना T20 मुंबई लीग की अलग-अलग फ्रेंचाइजी टीमों से होगा. यह टूर्नामेंट 1 जून से शुरू होने वाला है, ऐसे में यह दौरा लीग की तैयारियों का हिस्सा भी माना जा रहा है.

एमसीए सचिव उन्मेश खानव‍िलकर ( Unmesh Khanvilkar) ने मंगलवार को मीडिया से बातचीत में कहासूर्यकुमार टीम का हिस्सा हैं, इसलिए उनके खेलने की संभावना है. वह भारतीय टीम के कप्तान हैं और जब भी किसी टीम के खिलाफ खेलते हैं तो वह विपक्षी टीम के लिए भी बड़ा अनुभव होता है.

Advertisement

एमसीए ने इसी दौरान क्रिकेट युगांडा (Cricket Uganda) के साथ पांच साल के समझौता ज्ञापन (MoU) की घोषणा भी की.

सूर्यकुमार यादव को T20 मुंबई लीग 2018 के पहले सीजन की सबसे बड़ी खोजों में गिना जाता है. ट्रायम्फ नाइट्स फ्रेंचाइजी ने उन्हें चौथे सीजन के लिए आइकन खिलाड़ी के रूप में रिटेन किया है, जिससे टीम और खिलाड़ी के बीच लंबे रिश्ते की झलक मिलती है.

एमसीए अध्यक्ष अंज‍िक्य रहाणे ( Ajinkya Naik) ने बताया कि इस साझेदारी को अंतिम रूप देने में ICC चेयरमैन जय शाह (Jay Shah) की अहम भूमिका रही.

नाइक ने कहा- जय शाह के नेतृत्व में हमें युगांडा टीम की मेजबानी का सुझाव मिला. हमने इसे सम्मान की बात माना. इससे मुंबई के खिलाड़ियों को एक राष्ट्रीय टीम के खिलाफ खेलने का अनुभव मिलेगा. 

उन्होंने आगे कहा कि एमसीए की कोशिश सिर्फ सीनियर खिलाड़ियों तक सीमित नहीं है, बल्कि बेंच स्ट्रेंथ को भी अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर देना है. इसी वजह से इस साल मुंबई की पुरुष और महिला टीमें यूके दौरे पर भी जाएंगी.

आईपीएल 2026 में उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाने वाले सूर्यकुमार यादव के लिए यह मुकाबला आत्मविश्वास हासिल करने का भी बड़ा मौका माना जा रहा है. T20 मुंबई लीग शुरू होने से पहले उनकी मौजूदगी टूर्नामेंट की चमक और दर्शकों का उत्साह दोनों बढ़ा सकती है.

Advertisement

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement