इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से तहलका मचा रहे वैभव सूर्यवंशी ने अब अपने संस्कारों से भी करोड़ों क्रिकेट फैन्स का दिल जीता है. राजस्थान रॉयल्स (RR) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेले गए एलिमिनेटर से पहले का एक भावुक पल सोशल मीडिया पर छा गया, जब युवा बल्लेबाज ने महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर और भारतीय टीम के पूर्व बैटिंग कोच संजय बांगड़ के पैर छूकर आशीर्वाद लिए.
मैच से पहले वार्म-अप के दौरान वैभव सूर्यवंशी सीधे ब्रॉडकास्ट सेट पर पहुंचे, जहां सुनील गावस्कर और संजय बांगड़ लाइव शो में व्यस्त थे. तभी वैभव ने झुककर दोनों दिग्गजों के पैर छुए. यह दृश्य देखते ही वहां मौजूद लोग मुस्कुरा उठे और कुछ ही देर में यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. फैन्स युवा बल्लेबाज की जमकर तारीफ की और कहा कि इतनी बड़ी सफलता के बावजूद उनका जमीन से जुड़ा रहना उन्हें और खास बनाता है.
अब इस वायरल पल को लेकर खुद सुनील गावस्कर ने बड़ा खुलासा किया है. इंडिया टुडे के साथ बातचीत में जब उनसे पूछा गया कि अगर वह राजस्थान रॉयल्स के लिए वैभव के साथ बल्लेबाजी कर रहे होते तो उन्हें क्या सलाह देते, तो भारतीय दिग्गज का जवाब दिल जीत लेने वाला था.
सुनील गावस्कर ने कहा, 'मैं उसे वही कहूंगा जो मैंने मैच से पहले उससे कहा था. जब वह आया और उसने मेरे पैर छुए, तब मैंने सिर्फ इतना कहा कि लगे रहो बेटे, लगे रहो. अगर मैं उसके साथ दूसरे छोर पर बल्लेबाजी कर रहा होता, तब भी मैं उससे यही कहता.' गावस्कर के ये शब्द वैभव के लिए काफी मायने रखते हैं.
हालांकि, वैभव ने सिर्फ अपने व्यवहार से ही नहीं, बल्कि बल्ले से भी सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ उन्होंने ऐसी तूफानी बल्लेबाजी की, जिसने पूरे मैच का रुख बदल दिया. युवा ओपनर ने केवल 29 गेंदों में 97 रन ठोक डाले और राजस्थान रॉयल्स को शानदार जीत दिलाते हुए क्वालिफायर-2 में पहुंचा दिया. उनकी पारी में चौकों और छक्कों की बारिश देखने को मिली. मैदान के हर कोने में शॉट्स खेलने वाले वैभव ने एसआरएच के गेंदबाजों को पूरी तरह बेबस कर दिया. उनकी बल्लेबाजी में आत्मविश्वास, टाइमिंग और निडरता साफ नजर आया.
आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन किसी सपने से कम नहीं रहा है. वह अब तक 680 रन बना चुके हैं और उन्होंने क्रिस गेल का एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है. इतनी कम उम्र में इस तरह का प्रदर्शन उन्हें भारतीय क्रिकेट का अगला बड़ा सुपरस्टार बना रहा है.
सुनील गावस्कर भी मानते हैं कि वैभव आने वाले समय में भारतीय क्रिकेट की सबसे बड़ी पहचान बन सकते हैं. उन्होंने कहा, 'जो हमने अब तक देखा है, उससे साफ है कि उसमें बहुत टैलेंट है. जिस तरह के शॉट्स वह खेल रहा है और जिस सहजता के साथ खेल रहा है, वह दिखाता है कि यह खिलाड़ी बेहद खास है.'
अब क्रिकेट फैन्स की नजरें क्वालीफायर-2 पर टिकी हैं, जहां राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला गुजरात टाइटन्स से होगा. एक बार फिर उम्मीद यही रहेगी कि वैभव सूर्यवंशी अपने बल्ले से वही तूफान लेकर उतरें, जिसने पूरे आईपीएल 2026 को उनके नाम कर दिया है.