भारतीय टीम फिलहाल इंग्लैंड दौरे पर मेजबान देश के खिलाफ 5 मैचों की टी20 सीरीज खेल रही है. दोनों टीमों के बीच टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले से पहले एक ऐसा वीडियो सामने आया, जिसने क्रिकेट फैन्स का दिल जीत लिया. इस वीडियो में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन के बीच शानदार बॉन्डिंग देखने को मिली. टीम इंडिया के अभ्यास सत्र के दौरान संजू ने वैभव के कंधे पर हाथ रखा, उनसे लंबी बातचीत की और बड़े भाई की तरह उनका हौसला बढ़ाते नजर आए.
यह वीडियो ऐसे समय वायरल हो रहा है, जब 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी के इंटरनेशनल डेब्यू की मांग लगातार तेज होती जा रही है. आयरलैंड के खिलाफ दोनों टी20 और इंग्लैंड के खिलाफ पहले मैच में मौका नहीं मिलने के बावजूद 15 साल के वैभव नेट्स में जमकर मेहनत कर रहे हैं.
संजू सैमसन और वैभव सूर्यवंशी की दोस्ती नई नहीं है. दोनों आईपीएल (इंडियन प्रीमियर लीग) 2025 में राजस्थान रॉयल्स (RR) के लिए साथ खेले थे. दिलचस्प बात यह है कि संजू के चोटिल होने के बाद ही वैभव को प्लेइंग-11 में मौका मिला था और उन्होंने उस मौके को यादगार बना दिया. महज 15 साल की उम्र में वैभव ने आईपीएल 2026 में 776 रन बनाकर कई रिकॉर्ड तोड़े. उस दौरान भी संजू सैमसन लगातार उनका हौसला बढ़ाते नजर आए थे.
टीम इंडिया में फिलहाल ओपनिंग की जिम्मेदारी संजू सैमसन संभाल रहे हैं, लेकिन उनका हालिया प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है. पिछले तीन टी20 मुकाबलों में उनके बल्ले से सिर्फ 6 रन निकले हैं. यही वजह है कि फैन्स से लेकर क्रिकेट एक्सपर्ट्स तक लगातार वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 में शामिल करने की मांग कर रहे हैं.
हालांकि टीम इंडिया के बॉलिंग मोर्ने मोर्केल ने साफ कर दिया है कि सिर्फ बाहरी दबाव के कारण टीम में बदलाव नहीं किया जाएगा. मोर्केल ने कहा, 'यह इतना आसान नहीं है कि कह दें, उसे अभी खिला दो. हमें उन खिलाड़ियों का भी समर्थन करना है जिन्होंने भारत को विश्व कप जिताने में अहम भूमिका निभाई है. हमारा लक्ष्य परिस्थितियों के हिसाब से सबसे मजबूत टॉप ऑर्डर तैयार करना है.' उनके इस बयान से साफ है कि टीम मैनेजमेंट फिलहाल संजू सैमसन पर भरोसा बनाए रखना चाहता है.
भारत और इंग्लैंड के बीच पहला टी20I मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था. सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या टीम इंडिया इस बार 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को इंटरनेशनल क्रिकेट में पहला मौका देगी या फिर उन्हें एक बार फिर डगआउट से ही मुकाबला देखना पड़ेगा.