पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कमेंटेटर संजय मांजरेकर ने 15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर बड़ा बयान दिया है. हाल में श्रीलंका ए के खिलाफ मुकाबले में वैभव की श्रीलंकाई खिलाड़ियों से तनातनी हो गई थी.
इसी मसले पर संजय मांजरेकर ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'अगर मैं इंडिया-ए का कोच या मैनेजर होता, तो मैं वैभव सूर्यवंशी को अफगानिस्तान-ए के खिलाफ इस मैच से बाहर रखता. सिर्फ इसलिए ताकि उसे यह एहसास हो सके कि मैदान पर शारीरिक रूप से आक्रामक होना स्वीकार्य नहीं है. चाहे सामने वाले खिलाड़ी ने कितनी भी उकसाने वाली हरकत क्यों न की हो.'
दरअसल दांबुला में श्रीलंका-ए के खिलाफ मैच के अंत में वैभव सूर्यवंशी की श्रीलंकाई खिलाड़ियों से झड़प हो गई थी. और बात हाथापाई तक पहुंच गई थी. इंडिया-ए यह मुकाबला सुपर ओवर में हार गया था.
मैच रेफरी प्रदीप जेयप्रकाश ने कथित तौर पर श्रीलंका ए के खिलाड़ी हलम्बगे पर स्लेजिंग करने और वैभव सूर्यवंशी को शारीरिक झड़प के लिए उकसाने के आरोप में कार्रवाई की है.
If I was India A coach or manager I would have left Vaibhav Suryavanshi out for this game v AFG. Only to let him know that’s it’s not OK to get physical on the field. Whatever the provocations.
— Sanjay Manjrekar (@sanjaymanjrekar) June 17, 2026
यह घटना सुपर ओवर में बेहद तनावपूर्ण मुकाबले के बाद हुई थी. वहीं, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव देवजीत सैकिया ने कहा है कि उनका पूरा ध्यान वैभव सूर्यवंशी और इंडिया ए टीम के त्रिकोणीय सीरीज अभियान पर है.
उन्होंने संकेत दिया कि फिलहाल 15 साल के युवा बल्लेबाज पर किसी भी तरह की अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी.
यदि इंडिया-ए टीम त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में पहुंचती है, तो सूर्यवंशी 21 जून को फाइनल मुकाबले में खेलते नजर आएंगे. हालांकि, अगर टीम फाइनल में नहीं पहुंचती है, तो वह इस महीने के अंत में आयरलैंड के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टी20 सीरीज के लिए भारतीय टी20 टीम से जुड़ जाएंगे.
इसके बाद भारत को इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज भी खेलनी है. अफगानिस्तान-ए के खिलाफ करो या मरो मुकाबले में भी वैभव नहीं चल पाए. वैभव ने 28 गेंदों में 38 रन बनाए. उनकी पारी में 4 चौके और 2 छक्के जरूर शामिल रहे.
मौजूदा त्रिकोणीय सीरीज में वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन बिल्कुल भी प्रभावशाली नहीं रहा है. उन्होंने 4 मैचों में महज 117 रन ही बनाए है.