scorecardresearch
 

भारत से भिड़ने के लिए न्यूजीलैंड की ODI टीम का ऐलान, इस धुरंधर की हुई वापसी

भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे मुकाबले ऑकलैंड, वेलिंगटन, हैमिल्टन और माउंट माउंगानुई में खेले जाएंगे. वनडे सीरीज के लिए मेजबान न्यूजीलैंड का दो अलग-अलग स्क्वॉड उतारने का फैसला खिलाड़ियों को आजमाने और टेस्ट सीरीज के लिए समय देने की रणनीति का हिस्सा है.

Advertisement
X
रचिन रवींद्र पूरी तरह फिट, वनडे सीरीज में भाग लेंगे. (Photo: PTI)
रचिन रवींद्र पूरी तरह फिट, वनडे सीरीज में भाग लेंगे. (Photo: PTI)

भारत और न्यूजीलैंड के बीच 4 नवंबर से पांच मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी. इस सीरीज के लिए न्यूजीलैंड क्रिकेट (NZC) ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है. मिचेल सेंटनर की अगुवाई वाली टीम में फिन एलन, लॉकी फर्ग्यूसन, रचिन रवींद्र और टिम सीफर्ट जैसे खिलाड़ियों को जगह मिली है. हालांकि, ये चारों खिलाड़ी पूरी सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे. न्यूजीलैंड क्रिकेट ने पांच वनडे के लिए दो अलग-अलग स्क्वॉड चुने हैं, जिससे सीरीज के दौरान टीम में कई बदलाव देखने को मिलेंगे.

इस फैसले के पीछे टेस्ट सीरीज की तैयारी भी अहम वजह है. भारत और न्यूजीलैंड के बीच वनडे सीरीज खत्म होने के कुछ ही दिनों बाद दो मैचों की टेस्ट सीरीज शुरू होगी. ऐसे में कीवी टीम मैनेजमेंट कुछ खिलाड़ियों को पहले ही वनडे स्क्वॉड से वापस बुलाकर टेस्ट क्रिकेट के लिए तैयार करना चाहता है. न्यूजीलैंड और भारत के बीच पहला टेस्ट 19 नवंबर को वेलिंगटन के बेसिन रिजर्व में खेला जाएगा.

न्यूजीलैंड ने शुरुआती तीन वनडे के लिए 14 खिलाड़ियों को चुना है. इस टीम में कप्तान मिचेल सेंटनर के अलावा माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉन्वे, जैकब डफी, मैट हेनरी, काइल जेमिसन, टॉम लैथम, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर और विल यंग शामिल हैं.

रवींद्र की वापसी से न्यूजीलैंड को मिला बूस्ट
रचिन रवींद्र कंधे की चोट के कारण भारत के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए उपलब्ध नहीं थे. अब वह वनडे टीम में वापसी करेंगे और शुरुआती तीन मुकाबलों में खेलते नजर आ सकते हैं. न्यूजीलैंड को उनसे बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी में भी योगदान की उम्मीद होगी.

Advertisement

सीरीज के चौथे और पांचवें वनडे के लिए न्यूजीलैंड ने अलग टीम चुनी है. इन मुकाबलों में फिन एलन और टिम सीफर्ट को मौका मिलेगा. दोनों खिलाड़ी टी20 क्रिकेट में अपने आक्रामक अंदाज के लिए जाने जाते हैं. एलन और लॉकी फर्ग्यूसन ने न्यूजीलैंड के लिए आखिरी वनडे 2023 में खेला था, जबकि सीफर्ट ने लगभग 18 महीने पहले पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज में अपना पिछला 50 ओवर्स मुकाबला खेला था.

आखिरी दो मैचों के लिए चुनी गई टीम में सेंटनर, ब्रेसवेल, चैपमैन, जैकब डफी, ब्लेयर टिकनर और विल यंग भी शामिल हैं. इनके अलावा क्रिस्टियन क्लार्क, मैट फिशर, मिच हे और निक केली को भी जगह दी गई है. इस तरह न्यूजीलैंड अंतिम दो वनडे में अपने बेंच स्ट्रेंथ को परखने का मौका भी हासिल करेगा.

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by BLACKCAPS (@blackcapsnz)

भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाली यह सीरीज सिर्फ द्विपक्षीय मुकाबलों तक सीमित नहीं है. दोनों टीमें अगले साल होने वाले क्रिकेट वर्ल्ड कप की तैयारियों को भी ध्यान में रखकर मैदान पर उतरेंगी. क्रिकेट विश्व कप 2027 साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाना है. ऐसे में टीम मैनेजमेंट के लिए खिलाड़ियों की भूमिका तय करना और मजबूत कॉम्बिनेशन तैयार करना अहम होगा.

न्यूजीलैंड के कोच रॉब वाल्टर ने कहा कि भारत जैसी मजबूत टीम के खिलाफ अपने घरेलू मैदान पर खेलना उनके लिए बड़ा मौका है. उन्होंने कहा कि वर्ल्ड कप में अब करीब एक साल का समय बचा है और यह सीरीज टूर्नामेंट की तैयारी के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण होगी.

Advertisement

वाल्टर के मुताबिक आखिरी दो वनडे के लिए सात अतिरिक्त खिलाड़ियों को शामिल करने का उद्देश्य टीम की गहराई को परखना है. इससे यह समझने में मदद मिलेगी कि ये खिलाड़ी विश्वस्तरीय टीम के खिलाफ कैसा प्रदर्शन करते हैं और बड़े टूर्नामेंट के लिए टीम के पास कितने विकल्प मौजूद हैं.

न्यूजीलैंड ने चोट से उबर रहे तीन खिलाड़ियों को चयन के लिए उपलब्ध नहीं माना है. जकारी फाउलकेस (हिप फ्लेक्सर), विल ओ'रूर्के (पिंडली) और बेन सियर्स (टखने) चोट से उबर रहे हैं. इसी वजह से उन्हें भारत के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए नहीं चुना गया.

पहले तीन वनडे के लिए न्यूजीलैंड की टीम: मिचेल सेंटनर (कप्तान), माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉन्वे, जैकब डफी, मैट हेनरी, काइल जेमिसन, टॉम लैथम (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, रचिन रवींद्र, नाथन स्मिथ, ब्लेयर टिकनर और विल यंग.

आखिरी दो वनडे के लिए न्यूजीलैंड की टीम: मिचेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, क्रिस्टियन क्लार्क, जैको डफी, मैट फिशर, मिच हे (विकेटकीपर), टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), निक केली, ब्लेयर टिकनर और विल यंग.

भारत बनाम न्यूजीलैंड (शेड्यूल)
पहला टी20- 22 अक्टूबर, क्राइस्टचर्च, दोपहर 12:30 बजे
दूसरा टी20- 24 अक्टूबर, क्राइस्टचर्च, दोपहर 12:30 बजे 
तीसरा टी20- 27 अक्टूबर, वेलिंगटन, दोपहर 12:30 बजे
चौथा टी20- 30 अक्टूबर, ऑकलैंड, दोपहर 12:30 बजे 
पांचवां टी20- 1 नवंबर, हैमिल्टन, दोपहर 12:30 बजे
पहला वनडे- 4 नवंबर, ऑकलैंड, सुबह 7:30 बजे 
दूसरा वनडे- 7 नवंबर, वेलिंगटन, सुबह 7:30 बजे 
तीसरा वनडे- 10 नवंबर, हैमिल्टन, सुबह 7:30 बजे 
चौथा वनडे- 13 नवंबर, माउंट माउंगानुई, सुबह 7:30 बजे 
पांचवां वनडे- 15 नवंबर, माउंट माउंगानुई, सुबह 7:30 बजे 
पहला टेस्ट- 19 से 23 नवंबर, वेलिंगटन, सुबह 3:30 बजे 
दूसरा टेस्ट- 27 से 1 द‍िसंबर, क्राइस्टचर्च, सुबह 3:30 बजे 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement